Bihar News : भोजपुर के नर्सिंग होम में दनादन फायरिंग, पटना निवासी युवक को तीन गोलियां लगीं
Bihar News : पत्नी का डिलीवरी कराने गए युवक पर अपराधियों ने अस्पताल में ताबड़तोड़ फायरिंग कर युवक को घायल कर दिया। युवक को तीन गोली लगी है जिसका निजी क्लिनिक में इलाज चल रहा है। यह घटना युवक के ससुराल में हुई है।
विस्तार
पत्नी का डिलीवरी कराने गए युवक पर उसके ससुराल में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे घायल कर दिया। यह घटना भोजपुर जिला के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरा की है जहां युवक अपनी पत्नी को लेकर एक निजी नर्सिंग होम में गया था।तभी अचानक अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उसकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। युवक की पहचान पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत बाली गांव निवासी रंगनाथ चौहान उर्फ छोटू चौहान के रूप में की गई है।
दो अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि रंगनाथ चौहान उर्फ छोटू चौहान अपनी पत्नी का डिलीवरी कराने के लिए धरारा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में गए थे। वहां वह अस्पताल के कॉरिडोर में खड़े थे तभी दो की संख्या में हथियार बंद बदमाश अस्पताल में घुस ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे, जिसमें तीन गोली रंगनाथ चौहान को लग गई। फायरिंग होते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। परिजनों की मदद से तत्काल जख्मी रंगनाथ चौहान को इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया जहां पर उसका ऑपरेशन किया जा रहा है।
चश्मदीद ने बताया कैसे हुई घटना
घटना के संबंध में रंगनाथ चौहान के ससुर शंकर प्रसाद ने बताया कि मेरे दामाद पटना से कल ही अपने ससुराल यानी कि मेरे घर धरहरा आए थे। आज उनकी पत्नी और मेरी बेटी का डिलीवरी हो रहा था, जिसको लेकर हम सब मां विंध्यवासिनी अस्पताल आये थे और इसके नीचे कैंपस में खड़े थे। तभी एकाएक बाइक पर दो युवक आए और ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे। जब तक हम लोग कुछ समझ पाते तब तक मेरे दामाद को तीन गोली लग गई थी। हम अपराधियों के पीछे भी भागे लेकिन अपराधी बाइक से फरार हो गये। फिर हम लोग अपने दामाद को जख्मी हालत में लेकर निजी अस्पताल में भर्ती कराए हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
इस गोलीबारी के संबंध में भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने व्हाट्सएप के जरिए बताया कि एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों को पहचानने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना का कारण और अन्य बिंदु पर भी छानबीन की जा रही है।