Bihar: भीषण सड़क हादसा, पिकअप-टेंपो की आमने-सामने टक्कर में चार की मौत; आधा दर्जन घायल
सुगौली के छपवा-बेतिया रोड स्थित नायकाटोला के पास पिकअप और टेंपो की जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने राहत कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोतिहारी के सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा-बेतिया मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
नयका टोला के पास हुआ भीषण हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छपवा की ओर से यात्रियों को लेकर जा रहा एक टेंपू जब नयका टोला के समीप पहुंचा, तभी बेतिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वाहन से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपू पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
टेंपू में फंसे यात्रियों को ग्रामीणों ने निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद टेंपू में सवार कई लोग वाहन के अंदर फंस गए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में सुगौली थानाध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
महिला और बच्चे समेत चार लोगों की मौत
इस हादसे में रुबिना खातून (30 वर्ष), आयसा खातून (22 वर्ष), जयद खान (7 वर्ष) तथा भैरों साह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के परिजनों के बीच घटना की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
चार गंभीर घायलों को जीएमसीएच बेतिया किया गया रेफर
हादसे में चांद खान, शंकर कुमार शर्मा, रिफत प्रवीण तथा मनत प्रवीण सहित कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुगौली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद अस्पताल और घटनास्थल पर जुटी भीड़
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ती वाहन गति के कारण दुर्घटनाएं आम होती जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: सम्राट सरकार ने की बड़ी कार्रवाई, जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश शर्मा को हटाकर पंकज मिश्रा को दी जिम्मेदारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपू और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।