Bihar : कल होगी महापरीक्षा, परीक्षार्थियों के लिए बसों में मुफ्त सफर, पटना के सभी कोचिंग संस्थान रहेंगे बंद
Bihar : नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले ने सरकार की खूब फजीहत कराई। इस वजह से फिर से हो रही इस परीक्षा को स्वच्छ और कदाचारमुक्त कराने के लिए सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। साथ ही परीक्षार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों के लिए सहूलियते भी दे रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को लेकर बिहार में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को राज्य के 35 शहरों में बनाए गए 331 केंद्रों पर 1,56,061 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे, जिसमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं हैं। वहीं राजधानी पटना में के 95 केंद्रों पर परीक्षाएं होनी हैं, जिसमें लगभग 46 हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। पटना जिला प्रशासन और राज्य सरकार ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा कदाचारमुक्त हो इसके लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी।
अंतिम एंट्री दोपहर 1:30 बजे तक
नीट परीक्षार्थियों के लिए केंद्र पर रिपोर्टिंग का समय बेहद महत्वपूर्ण है। परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश दिया जाएगा। दोपहर डेढ़ बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को केंद्र से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। फर्जीवाड़े और सॉल्वर गैंग पर नकेल कसने के लिए हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सघन शारीरिक जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, सभी परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की दूरी के बाहर अभिभावकों के लिए छायादार स्थल, शुद्ध पेयजल और आपातकालीन मेडिकल किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar: जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और परिषद की बैठक में क्या होगा? संजय झा और उमेश कुशवाहा ने बताया सबकुछ
परीक्षार्थियों को मुफ्त बस सेवा, दिखानी होगी प्रवेश पत्र की कॉपी
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी है। छात्र शनिवार से ही निगम की करीब 1500 बसों में मुफ्त यात्रा कर रहे हैं। बस से सफ़र करने के लिए परीक्षार्थियों को बस कंडक्टर को अपने प्रवेश पत्र की एक फोटोकॉपी देनी होगी, जिसके बदले उन्हें शून्य रुपए का टिकट जारी किया जाएगा। यह छूट निगम की सभी एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, इलेक्ट्रिक और पिंक बसों में लागू होंगी। परीक्षार्थी के साथ यात्रा करने वाले परिजनों को सामान्य किराया देना होगा।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : आधी रात को थाना पहुंचे तेज प्रताप यादव ने लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप; आकाश की मां और बहन सहित आठ नामजद
परीक्षा के दिन बंद रहेंगे पटना के सभी कोचिंग संस्थान
पटना के जिलाधिकारी ने सुरक्षा और निष्पक्षता के मद्देनजर परीक्षा के दिन यानी रविवार को जिले के सभी कोचिंग संस्थानों को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को कोचिंग की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या गड़बड़ी करने वालों पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : तेज प्रताप यादव ने दी खुली चुनौती, कहा- हिम्मत है तो बांकीपुर से लड़ ले चुनाव; लॉरेंस की चर्चा क्यों?
यातायात व्यवस्था में किया जाएगा बदलाव
कुम्हरार स्थित बापू परीक्षा परिसर और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ को देखते हुए पटना पुलिस ने ट्रैफिक रूट में बदलाव किया है। धनकी मोड़ से पटना शहर आने वाले ऑटो सीधे न आकर जीरोमाइल, न्यू बाइपास और भूतनाथ रोड होते हुए ओल्ड बाइपास जाएंगे। धनकी मोड़ से आने वाली बसें और भारी वाहन न्यू बाइपास मीठापुर मार्ग का उपयोग करेंगे। करबिगहिया और जीपीओ से चिरैयाटांड़ पुल की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मोइनुल हक स्टेडियम की ओर से आने वाली बसों को बहादुरपुर आरओबी की तरफ जाने की इजाजत नहीं होगी। ये वाहन वैशाली गोलंबर और राजेंद्रनगर पुल से होकर 90 फीट रोड से गुजरेंगे।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : नीट परीक्षा की तैयारी पूरी, पुलिस नहीं CRPF संभालेगी कमान; पेपर लीक रोकने के लिए बनी थ्री-लेयर सुरक्षा
परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें
नीट परीक्षा के मद्देनजर रेलवे द्वारा परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। बक्सर से पटना के लिए सुबह 06:30 बजे ट्रेन खुलेगी जो सुबह 09:15 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से बक्सर के लिए शाम 05:40 बजे खुलेगी जो रात 08:35 बजे पहुंचेगी। झाझा से दानापुर के लिए रात 03:40 बजे बजे खुलेगी जो सुबह 09:00 बजे पहुंचेगी। दानापुर से झाझा के लिए शाम 05:25 बजे खुलेगी जो रात 10:30 बजे पहुंचेगी। पटना से गया के लिए सुबह 06:00 बजे खुलेगी जो सुबह 09:00 बजे पहुंचेगी। पटना से दरभंगा के लिए सुबह 04:30 बजे खुलेगी जो सुबह 09:30 बजे पहुंचेगी।
रांची से धनबाद के लिए (08603) 18:30 बजे ट्रेन खुलेगी। रांची से डाल्टनगंज के लिए (08631) 19:15 बजे ट्रेन खुलेगी। इसी तरह वाराणसी से पटना के लिए(04208) 17:45 बजे, बक्सर से पटना (03213) 6:30 बजे, पटना से बक्सर 18:20 बजे, झाझा से दानापुर (03212) 3:40 बजे, दानापुर से झाझा (03215) 18:15 बजे, पटना से गया (03216) 06:00 बजे और पटना से दरभंगा(03211) 04:30 बजे ट्रेन खुलेगी।
परीक्षार्थियों को मठ-मंदिरों में मिलेगा मुफ्त पानी, चना और गुड़
नीट परीक्षा को लेकर बिहार में प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ अब धार्मिक और सामाजिक संगठन भी मदद के लिए आगे आए हैं। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने परीक्षा देने आने वाले राज्यभर के परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए एक सराहनीय निर्णय लिया है। पर्षद के तत्वावधान में राज्य के प्रमुख मठों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क पेयजल, चना और गुड़ की व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने बताया कि लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को राहत देना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। विशेष रूप से उन मठों, धर्मशालाओं और मंदिरों को इस कार्य में लगाया गया है, जो परीक्षा केंद्रों के बिल्कुल नजदीक स्थित हैं। इससे परीक्षा शुरू होने से पहले और खत्म होने के बाद परीक्षार्थियों तथा उनके अभिभावकों को चिलचिलाती धूप में भटकना नहीं पड़ेगा।
पटना के इन प्रमुख केंद्रों पर रहेगी विशेष व्यवस्था
राजधानी पटना में परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए कुछ प्रमुख मंदिरों और न्यास समितियों ने विशेष जिम्मेदारी ली है। बांस घाट काली मंदिर प्रबंधन की ओर से द्वारिका हाई स्कूल तथा बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल के समीप विशेष पेयजल और राहत काउंटर लगाए जाएंगे। वहीं गर्दनीबाग प्रबंध न्यास समिति के द्वारा पटना हाई स्कूल के पास और चितकोहरा गोलंबर स्थित गर्ल्स हाई स्कूल के समीप परीक्षार्थियों और उनके माता-पिता के लिए शुद्ध जल, चना और गुड़ का प्रबंध किया जाएगा। इस संबंध में धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और नीट जैसी देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल होने वाले इन अभ्यर्थियों की बेहतरी के लिए आगे आना हमारा सामाजिक और धार्मिक दायित्व है। समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए धार्मिक न्यास पर्षद सदैव तत्पर रहा है और आगे भी ऐसे मानवीय प्रयास जारी रहेंगे।