बिहार: बेगूसराय में डेरा लौट रही युवती पर एसिड अटैक, आरोपी गिरफ्तार; एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
बेगूसराय में 12 अक्टूबर की रात डेरा लौट रही युवती पर एसिड फेंकने का मामला सामने आया। पुलिस ने समस्तीपुर निवासी गौतम झा को गिरफ्तार किया। घायल युवती का सदर अस्पताल में इलाज जारी है। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विस्तार
नगर थाना क्षेत्र में युवती पर एसिड फेंकने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुर जलालपुर निवासी गौतम झा (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने नगर थाना कांड संख्या 482/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 124 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 9:25 बजे की है। युवती अपने डेरा लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया। घटना में युवती घायल हो गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय में भर्ती कराया गया। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पीड़िता की स्थिति सामान्य है।
पढ़ें: दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में आईआईटी पटना के 10 शिक्षक, स्टैनफोर्ड-एल्सेवियर की सूची में मिली जगह
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम को दी सूचना
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। एसपी ने सदर-01 के एसडीपीओ और नगर थाना की पुलिस टीम को मामले की गंभीरता से जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीपीओ के नेतृत्व में आरोपी गिरफ्तार
एसपी के निर्देश के बाद सदर-01 के एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच जारी है। युवती पर एसिड फेंके जाने की घटना के बाद इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।