गंगा दशहरा: भागलपुर में पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान, लखीसराय में भी लगी आस्था की डुबकी
Ganga Dussehra News: गंगा दशहरा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने भागलपुर में अजगैबीनाथ धाम सहित तमाम गंगा घाटों और लखीसराय में कॉलेज गंगा घाट पर आस्था की डुबकी लगाई।
विस्तार
बिहार के भागलपुर के सुलतानगंज के अजगैबीनाथ धाम सहित जिले के तमाम गंगा घाटों पर सुबह से ही गंगा दशहरा को लेकर बिहार और झारखंड के हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। गंगा दशहरा के दिन का बड़ा धार्मिक महत्व है। ऐसा माना जाता है कि इस शुभ दिन पर जो लोग मां गंगा की पूजा-अर्चना करते हैं उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होती है। साथ ही उनके पापों का नाश होता है।
पंचांग के अनुसार, ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन हस्त नक्षत्र में मां गंगा स्वर्ग से धरती पर आई थीं। वहीं, शास्त्रों के अनुसार लोगों का मानना है कि गंगा दशहरा के दिन सफेद वस्त्रों का दान करना चाहिए। इसके अलावा मौसमी फल और सत्तू का दान करना शुभ माना जाता है। इस दिन गाय का दान करना महादान होता है। शरबत से भरा मिट्टी का कलश भी दान कर सकते हैं या श्रद्धा अनुसार धन और अन्न का भी दान करना चाहिए।
जानकारी के अनुसार, भागलपुर सहित आसपास के राज्यों के श्रद्धालु सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम गंगा घाट पर जिला प्रशासन की ओर से चुस्त इंतजाम किए गए थे। गंगा घाटों पर महिला श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। वहीं, जिला प्रशासन के आदेश अनुसार सुल्तानगंज नगर परिषद द्वारा छोटी नाविक, गंगा घाट की बैरिकेडिंग पहले ही कर दी गई थी। साथ ही कोई अनहोनी न हो जाए, इसके लिए एसडीआरएफ की टीम भी गंगा घाटों पर तैनात रही। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।
लखीसराय जिले के बड़हिया नगर स्थित कॉलेज गंगा घाट पर गंगा दशहरा के मौके पर आज रविवार की सुबह से ही गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। बड़हिया में सुबह से ही गंगा स्नान व पूजा-पाठ करने का सिलसिला जारी है। यहां सुबह से ही निजी वाहनों से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं द्वारा गंगा के तट पर धूप, दीप और अगरबत्ती जलाने से पूरा वातावरण सुगंधित हो गया। सुबह से ही श्रद्धालु स्नान करने के लिए सड़क मार्ग से बड़हिया पहुंचे।