Bihar : नीतीश सरकार के दो अफसरों के बीच घूस पर गालीबाजी; एक ने घूसखोर कहा, दूसरी तरफ से बरसीं गालियां
Bihar News : अब तक आम आदमी घूसखोरी की बात कहता रहा है लेकिन इस बार बिहार की नीतीश सरकार के एक अफसर ने दूसरे पर यह आरोप लगाया। जैसे ही यह बात आई, दूसरे अफसर की तरफ से गालियां बरसने लगीं। अब इसका ऑडियो वायरल है।
विस्तार
औरंगाबाद के गोह के प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) कौशल किशोर सिन्हा पर फोन से बातचीत के दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नंदलाल कुमार ने भद्दी गाली देने का आरोप लगाया है। दोनों के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया है, जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर बीईओ नंदलाल ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर बीपीआरओ पर कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षक के निलंबन से जुड़ा है मामला
बीईओ के साथ गाली गलौज तथा मारपीट करने को लेकर पूर्व में अहियापुर मध्य विद्यालय के प्रखंड शिक्षक दीपक कुमार पर कार्रवाई की गई थी। दीपक को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी(स्थापना) ने पत्रांक 3135 द्वारा 5 अगस्त को ही निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के अधीन रखने की अनुशंसा की थी। इस पत्र का क्रियान्वयन बीपीआरओ को करना था, जो प्रखंड शिक्षक नियोजन इकाई के पदेन सदस्य सचिव होते हैं। वही इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच डीपीओ स्थापना ने 28 अगस्त को फिर से बीपीआरओ को पत्र लिखा, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला।
बीईओ ने कारण जानने के लिए किया था फोन
इस मामले में बीपीआरओ कौशल किशोर को टालमटोल करते देख बीईओ ने फोन कर कारण पूछा। बीपीआरओ ने कोरम पूरा नहीं होने का कारण बताया। इस पर बीईओ ने उन पर पैसे लेने का आरोप लगा दिया। इसके बाद बीपीआरओ ने गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं। यह ऑडियो अब वायरल हो गया है। हलांकि "अमर उजाला" इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। बीईओ नंदलाल प्रसाद ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा है।
क्या कहते हैं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी
बीईओ नंदलाल प्रसाद ने बताया कि दोषी शिक्षक दीपक का निलंबन पांच अगस्त को ही हो गया था। बीपीआरओ अब तक चुप बैठे थे। मैंने फोन पर कहा कि लगता है कि आपका शिक्षक से लेनदेन हो गया है तो उन्होंने मां-बहन की गालियां देनी शुरू कर दी।