सस्ते इंजन ऑयल के चक्कर में कहीं खराब न हो जाए आपकी कार: ये संकेत दिखते ही हो जाए अलर्ट, जानें देखभाल का तरीका
- गलत इंजन ऑयल से इंजन को नुकसान।
- कार का माइलेज अचानक कम होना।
- साइलेंसर से काला या नीला धुआं।
- इंजन ऑयल का जल्दी खत्म होना।
विस्तार
कहते हैं कार खरीदने के बाद उसकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है, जितना उसे खरीदने के लिए सही बजट चुनना। खासकर इंजन ऑयल के मामले में की गई छोटी-सी लापरवाही आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। कई बार पैसे बचाने के चक्कर में लोग कार में लोकल या गलत ग्रेड का इंजन ऑयल डलवा लेते हैं। शुरुआत में इसका असर भले ही नजर न आए, लेकिन धीरे-धीरे इंजन को नुकसान पहुंच सकता है। अचानक माइलेज कम होना, साइलेंसर से धुआं निकलना और इंजन का बार-बार गर्म होना ऐसी ही कुछ परेशानियां हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आइए जानते हैं गलत इंजन ऑयल के कौन-से संकेत आपकी कार में दिखाई दे सकते हैं।
कंपनी की सलाह के बिना न डलवाएं कोई भी इंजन ऑयल
- हर कार का अलग इंजन होता है और उसके हिसाब से इंजन ऑयल की जरूरत भी अलग होती है। यही वजह है कि कार बनाने वाली कंपनियां यूजर मैनुअल में साफ बताती हैं कि गाड़ी में किस ग्रेड का इंजन ऑयल इस्तेमाल करना चाहिए।
- अक्सर लोग मैकेनिक की सलाह पर या पैसे बचाने के लिए कोई भी सस्ता इंजन ऑयल डलवा लेते हैं, लेकिन बिना जांचे गलत ग्रेड का ऑयल इस्तेमाल करना इंजन के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए इंजन ऑयल बदलवाने से पहले कार की कंपनी की सलाह जरूर देखें।
अचानक कम होने लगे कार का माइलेज
- अगर आपकी कार पहले के मुकाबले अचानक ज्यादा पेट्रोल या डीजल खर्च करने लगी है, तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। इसकी एक वजह इंजन में गलत ग्रेड का ऑयल होना भी हो सकता है।
- दरअसल, जरूरत से ज्यादा गाढ़ा इंजन ऑयल इंजन के अंदरूनी पुर्जों को आसानी से घूमने नहीं देता। इससे इंजन पर ज्यादा दबाव पड़ता है और उसे काम करने के लिए अधिक ताकत लगानी पड़ती है। नतीजतन, कार ज्यादा ईंधन खर्च करने लगती है और उसका माइलेज घट सकता है।
एक्सीलेटर दबाते ही साइलेंसर से निकलने लगे धुआं
- कार चलाते समय अगर एक्सीलेटर दबाने पर साइलेंसर से काला या नीला धुआं निकलने लगे, तो यह परेशानी का संकेत हो सकता है। गलत गाढ़ेपन वाला इंजन ऑयल इंजन के अंदर लीक होकर जल सकता है।
- इस वजह से साइलेंसर से धुआं निकलने की समस्या पैदा होती है। अगर आपकी कार में ऐसा हो रहा है, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें।
बार-बार कम होने लगे इंजन ऑयल
- आमतौर पर दो सर्विस के बीच इंजन ऑयल का स्तर बहुत ज्यादा कम नहीं होना चाहिए, लेकिन अगर आपकी कार में ऑयल जल्दी खत्म हो रहा है और आपको बार-बार इसे भरवाना पड़ रहा है, तो इसकी वजह की जांच जरूरी है।
- गलत इंजन ऑयल के इस्तेमाल से इंजन जरूरत से ज्यादा गर्म हो सकता है। इससे ऑयल तेजी से उड़ सकता है और उसका स्तर कम होने लगता है। ऐसे में सिर्फ बार-बार ऑयल डलवाना काफी नहीं है। यह समझना जरूरी है कि ऑयल इतनी जल्दी कम क्यों हो रहा है।
बार-बार ओवरहीट होने लगे इंजन
- एक्सपर्ट्स कहते हैं कि इंजन ऑयल का काम सिर्फ इंजन के पुर्जों को चिकनाई देना ही नहीं होता है, बल्कि उनके बीच घर्षण कम करने में मदद करना भी है। अगर ऑयल जरूरत से ज्यादा पतला या गाढ़ा है, तो वह इंजन के तापमान को सही तरीके से संभालने में परेशानी पैदा कर सकता है।
- इससे इंजन के अंदरूनी हिस्सों पर दबाव बढ़ सकता है और इंजन गर्म होने लगता है। अगर गाड़ी चलाते समय डैशबोर्ड पर तापमान की लाल चेतावनी लाइट जलने लगे, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में गाड़ी को सुरक्षित जगह पर तुरंत रोकना जरूरी है।
इंजन ऑयल डलवाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
- विशेषज्ञ के अनुसार, इंजन ऑयल के मामले में सिर्फ उसकी कीमत देखकर फैसला न करें। कार के यूजर मैनुअल में बताए गए ग्रेड और कंपनी की सलाह के अनुसार ही ऑयल चुनें। सस्ते या लोकल ऑयल के इस्तेमाल से पहले उसकी उपयुक्तता जरूर जांचें।
- ध्यान रखें कि माइलेज कम होना, धुआं निकलना, ऑयल का जल्दी खत्म होना या इंजन गर्म होना हमेशा गलत इंजन ऑयल की वजह से ही नहीं होता। इन समस्याओं के दूसरे वजह भी हो सकते हैं। इसलिए ऐसे संकेत दिखने पर कार की जांच किसी योग्य मैकेनिक से कराएं। सही इंजन ऑयल और समय पर रखरखाव से इंजन को होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है।
