Nissan Tekton vs Volkswagen Taigun: फीचर्स, पावर या कीमत...खरीदने से पहले जानें आपके लिए कौन-सी है बेस्ट
SUV Comparison: कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में मुकाबला लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच Nissan ने अपनी नई Tekton को लॉन्च कर इस सेगमेंट की कई SUVs को कड़ी टक्कर दी है। अगर आप Nissan Tekton और Volkswagen Taigun में से किसी एक को खरीदने का विचार कर रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि कीमत, फीचर्स, इंजन, सेफ्टी और परफॉर्मेंस के मामले में दोनों में से कौन-सी बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।
विस्तार
SUV Buying Guide: अपनी बोल्ड बॉडी लैंग्वेज, फीचर्स और दो दमदार टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ आई टेक्टॉन सीधे तौर पर फॉक्सवैगन टाइगुन को टक्कर दे रही है।अगर आप नई कॉम्पैक्ट SUV खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो निसान टेक्टाॅन और फॉक्सवैगन टाइगुन आपके लिए दो मजबूत विकल्प हो सकते हैं। दोनों SUV दमदार इंजन, आधुनिक फीचर्स और बेहतर सुरक्षा के साथ आती हैं। ऐसे में सवाल है कि आपके बजट और जरूरतों के हिसाब से कौन-सी SUV ज्यादा वैल्यू फॉर मनी साबित होगी?
सड़क पर कौन दिखेगी ज्यादा कूल?
अगा आप एक बड़ी और शानदार रोड प्रेजेंस वाली गाड़ी पसंद करते हैं, तो निसान टेक्टॉन सीधे तौर पर टाइगुन से काफी आगे निकल जाती है। इसके डायमेंशन के आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं:
- लंबाई: टेक्टॉन, टाइगुन से 127 mm ज्यादा लंबी है।
- चौड़ाई: इसमें 55 mm अधिक चौड़ाई मिलती है।
- ऊंचाई: यह टाइगुन के मुकाबले 62 mm ज्यादा ऊंची है।
- व्हीलबेस: केबिन के अंदरूनी स्पेस को तय करने वाला व्हीलबेस भी टेक्टन में 6 mm बड़ा है।
- इन बड़े डायमेंशन्स की वजह से निसान टेक्टॉन न केवल केबिन के अंदर ज्यादा जगह देती है, बल्कि सड़क पर चलने के दौरान एक भारी-भरकम और क्लासिक SUV वाली लुक भी देती है।
लुक के मामले में कौन है दमदार?
लुक को प्रीमियम बनाने के लिए दोनों ही ब्रांड्स ने बेहतरीन कलर ऑप्शन्स दिए हैं:
- निसान टेक्टॉन: इसमें ग्राहकों को बेहद स्पोर्टी और वाइब्रेंट शेड्स जैसे इंडिगो ब्लू और फ्लेयर गार्नेट रेड देखने को मिलते हैं।
- 2026 फॉक्सवैगन टाइगुन: जर्मन कार निर्माता ने इसमें बेहद क्लासी और अनूठे शेड्स दिए हैं, जिसमें एवोकाडो पर्ल और कार्बन स्टील मैट जैसे प्रीमियम कलर्स शामिल हैं।
इंजन और पावर?
परफॉर्मेंस लवर्स के लिए दोनों SUVs में अलग-अलग टर्बो इंजन के विकल्प दिए गए हैं, लेकिन पावर के मामले में निसान थोड़ा आगे निकल जाता है:
निसान टेक्टॉन के इंजन ऑप्शंस:
- 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल: यह इंजन 100 PS की पावर और 166 Nm का टॉर्क देता है, जो 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है।
- 1.3-लीटर माइल्ड-हाइब्रिड टर्बो: यह इस गाड़ी का सबसे मुख्य आकर्षण है, जो 163 PS की दमदार पावर और 280 Nm का भारी टॉर्क जेनरेट करता है। इसे आप 6-स्पीड मैनुअल (6MT) या 6-स्पीड ड्यूल-क्लच ट्रांसमिशन (6DCT) के साथ चुन सकते हैं।
फॉक्सवैगन टाइगुन के इंजन ऑप्शंस:
- 1.0-लीटर TSI पेट्रोल: यह इंजन 115 PS की पावर और 178 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है, जिसमें 6-स्पीड मैनुअल और 8-स्पीड ऑटोमैटिक (8AT) का विकल्प मिलता है।
- 1.5-लीटर TSI पेट्रोल: यह परफॉर्मेंस ओरिएंटेड इंजन 150 PS की पावर और 250 Nm का टॉर्क देता है, जो 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स के साथ आता है।
तुलना: निसान टेक्टन का 1.3L टर्बो इंजन, फॉक्सवैगन के 1.5L TSI इंजन के मुकाबले 13 PS ज्यादा पावर और 30 Nm अधिक टॉर्क देता है, जिससे हाईवे पर टेक्टन का थ्रॉटल रिस्पॉन्स कमाल का हो जाता है।
फीचर्स और सेफ्टी में कौन आगे?
सेफ्टी के मामले में दोनों में किसी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। दोनों ही गाड़ियां प्रीमियम केबिन के साथ आती हैं। सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग और फुल्ली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले जैसे फीचर्स दोनों में ही कॉमन हैं।
हालांकि, निसान टेक्टन कुछ एक्स्ट्रा और एडवांस्ड फीचर्स के साथ यहां बड़ी बढ़त ले लेती है:
- इसमें बड़े 18-इंच के अलॉय व्हील्स और रात के लिए LED फॉग लैंप्स दिए गए हैं।
- केबिन कम्फर्ट के लिए ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और पीछे के लिए पावर्ड टेलगेट मिलता है।
- इसमें इंफोटेनमेंट के लिए बिल्ट-इन गूगल की सर्विस दी गई है।
- दोनों कारों में सेफ्टी के लिए छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और हिल डिसेंट कंट्रोल जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड (शुरुआत से ही) मिलते हैं। लेकिन टेक्टन में सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए 360-डिग्री कैमरा और Level-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) तकनीक दी गई है, जो टाइगुन में मौजूद नहीं है।
- साउंड सिस्टम के मामले में टाइगुन बाजी मारती है, जिसमें शानदार 8-स्पीकर सेटअप मिलता है, जबकि टेक्टन में Arkamys की ओर से ट्यून किया गया 6-स्पीकर सिस्टम दिया गया है।
कौन सी SUV है ज्यादा किफायती?
- निसान टेक्टॉन: इसकी एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू होकर 18.49 लाख रुपये तक जाती है।
- 2026 फॉक्सवैगन टाइगुन: इसकी एक्स-शोरूम कीमत 11 लाख रुपये से शुरू होकर 19.30 लाख रुपये तक जाती है।