{"_id":"6ad0e0be8d8796666304dd17","slug":"chery-omoda-5-sales-suspended-in-malaysia-after-rear-axle-and-wheels-detach-check-details-2026-10-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"चीनी कार चेरी ओमोडा 5 का पिछला एक्सल टूटकर गिरा: मलयेशिया में ईवी की बिक्री पर लगी रोक, कंपनी ने दी क्या सफाई?","category":{"title":"Automobiles","title_hn":"ऑटो-वर्ल्ड","slug":"automobiles"}}
चीनी कार चेरी ओमोडा 5 का पिछला एक्सल टूटकर गिरा: मलयेशिया में ईवी की बिक्री पर लगी रोक, कंपनी ने दी क्या सफाई?
Thu, 15 Oct 2026 07:48 PM IST
Amar Sharma
ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Amar Sharma
Updated Thu, 15 Oct 2026 07:48 PM IST
सार
चीन की वाहन निर्माता कंपनी Chery की SUV Omoda 5 को मलेशिया में बड़ा झटका लगा है। वाहन के चलते समय उसका पिछला एक्सल और दोनों पिछले पहिए अलग होने की घटना के बाद इस SUV के नए रजिस्ट्रेशन पर रोक लग गई है।
विज्ञापन
Chery Omoda 5 Electric SUV
- फोटो : Facebook/CarAdvisers
विस्तार
मलयेशिया के सड़क परिवहन विभाग (JPJ) ने Chery Omoda 5 (चेरी ओमोडा 5) के लिए व्हीकल टाइप अप्रूवल (VTA) को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। जिससे देश में इस मॉडल के नए रजिस्ट्रेशन पर रोक लग गई है। यह कदम जोहोर बाहरू में हुई एक गंभीर घटना के बाद उठाया गया है। जहां चलते हुए इस एसयूवी का रियर एक्सल (पिछले पहिए की धुरी) और दोनों पिछले पहिए अचानक गाड़ी से अलग होकर बाहर निकल आए थे।
विज्ञापन
- जांच और निर्देश: जेपीजे (JPJ) ने 11 अक्तूबर 2026 को इस निलंबन की घोषणा करते हुए कहा कि वह इस मॉडल, इसके प्रोडक्शन और सप्लायर्स की तकनीकी जांच करेगा। विभाग ने चेरी मलेशिया को कंपोनेंट नंबर, प्रोडक्शन बैच और वीआईएन (VIN) के आधार पर प्रभावित सभी गाड़ियों की पहचान कर उन्हें वापस मंगाने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
चेरी मलेशिया ने इस घटना पर क्या प्रतिक्रिया दी है?
सोशल मीडिया पर 6 अक्तूबर को इस घटना की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के कुछ घंटों बाद चेरी मलेशिया ने आधिकारिक बयान जारी किया:- रिकॉल की घोषणा: कंपनी ने प्री-फेसलिफ्ट Omoda 5 के C और H वेरिएंट्स के लिए रिकॉल जारी किया है। जिनमें टॉर्शन-बीम रियर सस्पेंशन का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, मल्टी-लिंक सेटअप वाले फेसलिफ्टेड मॉडल पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है।
- VIN चेक करने की सुविधा: ग्राहक एक समर्पित वेबसाइट पर अपने वाहन का VIN नंबर डालकर यह जांच सकते हैं कि उनकी गाड़ी प्रभावित बैच में शामिल है या नहीं। कंपनी ने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि वे अधिकृत सर्विस सेंटर पर जाकर अपनी गाड़ी की जांच करवा सकते हैं।
विज्ञापन
मलेशियाई बाजार में Chery की स्थिति कैसी है और क्या यह पहली बार हुआ है?
- बढ़ती लोकप्रियता: चेरी मलेशिया में ओमोडा (Omoda), जैकू (Jaecoo), जेटौर (Jetour) और आईकार (iCar) जैसे विभिन्न ब्रांड नामों से गाड़ियां बेचती है। साल 2023 में बिक्री शुरू करने के बाद से यह 2024 तक नई कार रजिस्ट्रेशन के मामले में मलेशिया की पांचवीं सबसे लोकप्रिय वाहन निर्माता बन गई है।
- पुरानी समस्या की पुनरावृत्ति: चेरी के साथ रियर-एक्सल की समस्या पहली बार नहीं आई है। इससे पहले मई 2024 में भी सप्लायर के यहां उपकरण की गड़बड़ी के कारण वेल्डिंग में कमी मिलने पर 600 यूनिट्स को वापस मंगाया गया था। हालांकि तब जांच में केवल 60 वाहन प्रभावित पाए गए थे।