गाड़ी की नंबर प्लेट टूटने पर न हों परेशान: घर बैठे करें HSRP के लिए आवेदन, कितना आएगा खर्च? जानें पूरी डिटेल
- HSRP खराब होने पर कराएं रिप्लेसमेंट।
- ऑनलाइन पोर्टल से हो सकती है बुकिंग।
- ऑनलाइन भुगतान के बाद मिलेगी रसीद।
- फीस वाहन और राज्य पर निर्भर हो सकती है।
विस्तार
अगर गाड़ी की एचएसआरपी नंबर प्लेट टूट गई है, मुड़ गई है या उस पर लिखा नंबर धुंधला पड़ गया है, तो जल्दबाजी में किसी लोकल दुकान से साधारण नंबर प्लेट लगवाने की जल्दबाजी न करें, क्योंकि एक्सपर्ट्स कहते हैं कि हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट यानी HSRP एक तय मानक के मुताबिक तैयार की जाती है। इसलिए खराब प्लेट को बदलवाने के लिए अधिकृत माध्यम से ही आवेदन करना चाहिए। अच्छी बात है कि यह कई राज्यों में इसके लिए ऑनलाइन रिप्लेसमेंट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। आप घर बैठे आवेदन कर सकते हैं, फिटमेंट सेंटर और तारीख चुन सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान के बाद रसीद प्राप्त कर सकते हैं। आइए जानते हैं नई एचएसआरपी बुक करने का पूरा तरीका, जरूरी जानकारी और फीस से जुड़ी बातें।
एचएसआरपी नंबर प्लेट खराब होने पर क्या करें?
सड़क पर चलते समय दुर्घटना, मौसम या किसी दूसरी वजह से गाड़ी की नंबर प्लेट टूट या मुड़ गई है। या प्लेट पर लिखे नंबर इतने धुंधले हो गए हैं, कि उन्हें पढ़ना मुश्किल है, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि नंबर प्लेट वाहन की पहचान का जरूरी हिस्सा है। इसलिए इसे जल्द से जल्द निर्धारित मानकों वाली नई एचएसआरपी से बदलवाना चाहिए। किसी स्थानीय दुकान से सामान्य प्लेट बनवाने के बजाय अधिकृत पोर्टल या संबंधित वाहन निर्माता और परिवहन विभाग की ओर से बताए गए माध्यम का इस्तेमाल करें।
नई एचएसआरपी के लिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
- एचएसआरपी बदलवाने के लिए सबसे पहले यह पता करें कि आपके राज्य में कौन-सा पोर्टल अधिकृत है।
- वाहन मालिक SIAM की वेबसाइट से संबंधित राज्य और वाहन निर्माता के लिए उपलब्ध बुकिंग लिंक देखा जा सकता है। कुछ राज्यों में तो बुक माई एचएसआरपी पोर्टल पर रिप्लेसमेंट की सुविधा भी देते हैं। इसकी बुकिंग फिलहाल दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए दिखाई गई है। https://www.siam.in और https://www.bookmyhsrp.com/Plate/ReplacementBooking.aspx पर संबंधित जानकारी देख सकते हैं। साथ ही नीचे बताए गए स्टेप्स को फॉलो करें...
1. अधिकृत वेबसाइट पर जाएं
- सबसे पहले अपने राज्य के परिवहन विभाग या SIAM की वेबसाइट से अधिकृत एचएसआरपी बुकिंग पोर्टल खोलें। अगर आपके वाहन के लिए बुक माई एचएसआरपी की सुविधा उपलब्ध है, तो वहां रिप्लेसमेंट बुकिंग पर क्लिक करें।
- ध्यान रखें कि हर राज्य में एक ही पोर्टल काम नहीं करता। इसलिए वेबसाइट चुनने से पहले अपने राज्य के लिए उसकी उपलब्धता जरूर जांच लें।
2. वाहन की जानकारी दर्ज करें
- अब पोर्टल पर मांगी गई गाड़ी की जानकारी भरें। इसमें आमतौर पर राज्य का नाम, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर के आखिर पांच अंक, इंजन नंबर के आखिरी पांच अंक और कैप्चा कोड जैसी जानकारियां शामिल होती हैं।
- रिप्लेसमेंट आवेदन में इसके अलावा वाहन की कैटेगरी, प्लेट खराब होने की वजह और अन्य जानकारी भी मांगी जा सकती है। बुक माई एचएसआरपी के रिप्लेसमेंट फॉर्म में खराब फ्रंट या रियर प्लेट का चयन, प्लेट की फोटो, एफआईआर या लॉस्ट रिपोर्ट से जुड़ी जानकारी और आरसी अपलोड करने जैसे विकल्प भी दिए गए हैं। इसलिए आवेदन करते समय पोर्टल पर मांगी गई सभी जानकारियां सही भरें।
3. फिटमेंट लोकेशन और तारीख चुनें
- वाहन की जानकारी सत्यापित होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी करें। पोर्टल पर उपलब्ध विकल्पों के अनुसार फिटमेंट सेंटर या होम इंस्टॉलेशन की सुविधा चुन सकते हैं।
- अगर आप डीलरशिप या फिटमेंट सेंटर पर प्लेट लगवाना चाहते हैं, तो अपनी सुविधा के अनुसार उपलब्ध तारीख और टाइम स्लॉट चुनें। होम इंस्टॉलेशन हर जगह उपलब्ध नहीं है, इसलिए पहले अपने पिनकोड पर इसकी सुविधा जांच लें।
4. ऑनलाइन पेमेंट करें और रसीद डाउनलोड करें
- आवेदन की जानकारी पूरी होने के बाद पोर्टल पर निर्धारित शुल्क दिखाया जाएगा। उपलब्ध विकल्पों के अनुसार यूपीआई, नेट बैंकिंग या डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भुगतान करें।
- पेमेंट सफल होने के बाद आपको बुकिंग या पेमेंट की रसीद मिलेगी। इसे डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रखें। इसमें दिए गए ऑर्डर नंबर और अपॉइंटमेंट की जानकारी आगे काम आएगी।
एचएसआरपी बुकिंग के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होगी?
- अगर आप ऑनलाइन आवेदन कर रहे हो, तो हर पोर्टल पर दस्तावेजों की जरूरत एक जैसी नहीं होती है। सामान्य बुकिंग में वाहन की जानकारी भरनी होती है, जबकि रिप्लेसमेंट के मामले में अतिरिक्त दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं।
- आवेदन करने से पहले वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट यानी आरसी, वाहन का चेसिस नंबर, इंजन नंबर, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, खराब नंबर प्लेट की फोटो पोर्टल पर मांगी गई FIR या लॉस्ट रिपोर्ट की जानकारी और कॉपी अपने पास सुविधा के लिए रख लें।
- Book My HSRP के रिप्लेसमेंट फॉर्म में आरसी, प्लेट की फोटो और FIR से जुड़ी जानकारी अपलोड करने के विकल्प दिए गए हैं। इसलिए यह मानकर न चलें कि हर रिप्लेसमेंट आवेदन में केवल आरसी की जानकारी ही पर्याप्त होगी।
एचएसआरपी लगवाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
- ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद तय तारीख पर फिटमेंट सेंटर जाते समय भुगतान की रसीद और ओरिजिनल आरसी अपने साथ रखें। पोर्टल या बुकिंग कन्फर्मेशन में दिए गए निर्देशों के मुताबिक अन्य जरूरी जानकारी भी साथ रखें।
- प्लेट लगवाने से पहले यह जांच लें कि उस पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर सही दर्ज है। प्लेट को तय तरीके से लगाया गया है या नहीं, यह भी देख लें।
- पुरानी टूटी हुई प्लेट के निस्तारण के बारे में फिटमेंट सेंटर से जानकारी लें। उसे इधर-उधर फेंकने के बजाय अधिकृत सेंटर के निर्देशों के अनुसार जमा कराएं, ताकि उसका गलत इस्तेमाल न हो सके।
- यहां पर एक बात का ध्यान रखें कि नई एचएसआरपी लगवाने का खर्च वाहन की कैटेगरी, कंपनी और राज्य के नियमों के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। आमतौर पर दोपहिया वाहनों के लिए 400 से 500 रुपये और चारपहिया वाहनों के लिए 600 से 1,100 रुपये तक का खर्च बताया जाता है। होम डिलीवरी या फिटमेंट की सुविधा लेने पर अतिरिक्त शुल्क भी लग सकता है।
- हालांकि, ये अनुमानित रकम हैं, सभी राज्यों और वाहनों के लिए तय सरकारी दरें नहीं। अधिकृत पोर्टल पर वाहन की जानकारी भरने और फिटमेंट विकल्प चुनने के बाद दिखाई गई फीस ही अंतिम न मानें।
क्या बुकिंग की रसीद संभालकर रखना क्यों जरूरी है?
- नई प्लेट के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बाद मिली रसीद को संभालकर रखना जरूरी है। यह आपके आवेदन और भुगतान का प्रमाण है। हालांकि, सिर्फ रसीद दिखाने से पुलिस चालान नहीं करेगी, इसकी गारंटी नहीं है। चालान से छूट का कोई सार्वभौमिक नियम मानकर न चलें।
- जब तक नई प्लेट नहीं लगती, तब तक वाहन की नंबर प्लेट से जुड़े नियमों का पालन करें और रिप्लेसमेंट जल्द से जल्द पूरा कराएं।
फर्जी HSRP वेबसाइटों से रहें सावधान
- अक्सर विशेषज्ञ एक सलाह और देते हैं कि इंटरनेट पर एचएसआरपी बुकिंग के नाम पर कई फेक वेबसाइट भी मिल सकती है। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर, इंजन नंबर या भुगतान संबंधी जानकारी न डालें।
- बुकिंग के लिए अधिकृत पोर्टल का ही इस्तेमाल करें। भुगतान करने से पहले वेबसाइट का पता और बुकिंग की जानकारी अच्छी तरह जांच लें।
