Mohalla Bus: दिल्ली में 'मोहल्ला बस' का ट्रायल रन शुरू, जानें कैसी है ये इलेक्ट्रिक बस
दिल्ली सरकार की मोहल्ला बस सेवा का ट्रायल रन सोमवार को दो रूटों पर शुरू हुआ। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने इस बारे में जानकारी दी।
विस्तार
पीटीआई के मुताबिक, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 2,080 बसें चलेंगी। इनमें से 1,040 बसों का संचालन डीटीसी (DTC) करेगी। और बाकी बसों का संचालन DIMTS करेगी।
गहलोत ने कहा कि इस बस सेवा का लक्ष्य राष्ट्रीय राजधानी में अंतिम छोर तक संपर्क की समस्या का समाधान करना है।
बधाई दिल्ली!
— Kailash Gahlot (@kgahlot) July 15, 2024
आज से दिल्ली में मोहल्ला बस सेवा का ट्रायल शुरू हो गया है।
एक हफ़्ते के ट्रायल में यात्रियों के अनुभवों और दिल्लीवासियों के फ़ीडबैक के आधार पर मोहल्ला बस सेवा का विस्तार दिल्ली के सभी इलाक़ों में लास्ट माईल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने हेतु किया जाएगा।… pic.twitter.com/Za8NuWFyRu
यह योजना नौ-मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की है ताकि आस-पास या फीडर बस सेवाएं दी जा सकें। ये बसें सीमित सड़क चौड़ाई या ज्यादा भीड़ वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखकर चलाई जाएंगी।
परीक्षण के बाद, उत्पादन क्षमता के आधार पर, मैन्युफेक्चरिंग कंपनी को आदेश दिए जाएंगे। बसों की शुरुआती बैच मिलते ही योजना शुरू कर दी जाएगी। बसों में ब्लू और ग्रीन कलर स्कीम होगी और उन पर 'मोहल्ला बस' लिखा होगा।
23 यात्रियों के बैठने की क्षमता वाली ये बसें पहले और आखिरी मील की कनेक्टिविटी के लिए एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में काम करेंगी। इसके अलावा, 25 प्रतिशत सीटें गुलाबी रंग की होंगी, जो महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। महिलाओं को 'पिंक पास' के जरिए मुफ्त सवारी भी मिलेगी।