इन 12 दिनों तक दिल्ली में नहीं चला पाएंगे अपनी मर्जी से कार, जानें ऑड-ईवन फॉर्मूला में क्या है खास
प्रदूषण को रोकने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर ऑड-ईवन (ODD-EVEN) लागू करने का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में 4 से 15 नवंबर तक ODD-EVEN होगा लागू। चार नवंबर को 2, 4, 6 और 8 नंबर की गाड़ियां चलेंगी जबकि पांच नवंबर को 1, 3, 5, 7 और 9 नंबर की गाड़ियां चलेंगी। ऑड-ईवन ऑटो और टैक्सी पर भी लागू होगा। सीएम केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि नवंबर महीने में दिल्ली के आस-पास के राज्यों में पराली जलाई जाती है, जिसकी वजह से दिल्ली गैस चेंबर बन जाता है इसी बात को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर ऑड-ईवन को लागू करने का फैसला लिया गया है।
लोगों को प्रदूषण से बचाने के लिए N-95 मास्क बांटे जायेंगे
दिल्ली सरकार, लोगों को प्रदूषण से बचाने के लिए N-95 मास्क बांटेगी। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने यह भी बताया कि छोटी दीवाली के दिन लेज़र शो कराएगी, जिसमें फ्री एंट्री होगी। सरकार का मानना है कि इसके बाद लोग पटाखे नहीं जलाएंगे। इसके अलावा सीएम केजरीवाल ने यह भी कहा, ''उड़ती धूल के लिए जगह-जगह पानी का छिड़काव किया जायेगा साथ ही MCD के साथ मिलकर मैकेनिज्ड स्वीपिंग करेंगे। इस समय दिल्ली में 12 स्पॉट पर सबसे ज्यादा प्रदूषण रहता है और इनके लिए एक अलग प्लान बनाये जायेंगे जिससे प्रदूषण को कम किया जा सके।
लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा
सीएम केजरीवाल ने आगे बताते हुए कहा कि पर्यावरण में सुधार लाने के लिए लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा । इसके लिए दिल्ली सरकार लोगों को पौधे देगी, इतना ही नहीं लोगों को एक नंबर दिया जायेगा जिस पर कॉल कर के लोग पेड़-पौधे मंगवा सकते हैं।