Review: Maruti S-Presso खरीदने से पहले जानें पांच लोगों के लिए कैसी है यह कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मारुति सुजुकी ने हाल ही में नई मिनी एसयूवी S-Presso, को भारत में लॉन्च किया है। इसकी कीमत 3,69 लाख रुपये से लेकर 4.91 लाख रुपये के बीच है। इसमें मैन्युअल और AGS (ऑटो गियर शिफ्ट) का ऑप्शन मिलता है। कंपनी ने इसमें 10 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स को शामिल किया है। S-Presso मैन्युअल को हमें टेस्ट किया आइये जानते हैं पांच लोगों के लिए कैसी है यह कार...
लुक्स
डिजाइन के मामले में नई S-Presso आम कारों के मुकाबले थोड़ी हटकर नजर आती है, इसके लुक्स में नयापन है। सामने से यह बेहद बोल्ड नजर आती है, इसकी फ्रंट क्रोम ग्रिल इसे हटकर बनाती है, कार का साइड प्रोफाइल ठीक तो लगा मगर इसकी बॉडी और टायर्स के बीच काफी गैप है जोकि इसके लुक्स को किरकिरा कर देता है। हमारे हिसाब से यदि यह गैप कुछ कम होता तो बेहतर होता। पीछे से नई S-Presso अच्छी लगती है। मजबूती के लिए इसमें 40 फीसदी स्टेनलेस स्टील का इस्तेमाल किया है। यह मारुति के HEARTECT प्लेट फॉर्म पर बनी है।
केबिन
कार का इंटीरियर पहली ही नजर में इम्प्रेस करता है, इसके डैशबोर्ड का डिजाइन और मीटर कंसोल मजेदार है। म्यूजिक लवर्स के लिए इसमें टच स्क्रीन इन्फोटेंमेन्ट सिस्टम मिल जाता है जिसका साउंड वाकई बेहतर है। इसके केबिन में अच्छी क्वालिटी का इस्तेमाल किया गया है, लेकिन यह बहुत ज्यादा प्रीमियम नहीं है। नई S-Presso में स्पेस काफी अच्छा मिल जाता है, आगे बैठने वालों के साथ पीछे बैठने वालों के लिए स्पेस बढ़िया है, ख़ासतौर पर पीछे बैठने वालों के लिए इसमें लेगरूम के लिए जगह अच्छी मिल जाएगी। अगर आपकी हाईट एवरेज है तो पीछे आपको कोई खास दिक्कत नहीं होगी लेकिन अगर आपकी हाईट 6 फिट के आस-पास है तो हेडरूम के मामले में यह कार निराश कर सकती है। इसके अलावा इसकी सभी सीट्स सॉफ्ट और आरामदायक हैं। लेकिन ड्राइवर और पैसेंजर सीट की चौड़ाई हमें थोड़ी कम लगी।
परफॉरमेंस
अब बात करते हैं नई एस-प्रेस्सो की परफॉरमेंस के बारे में, इस कार में 998cc का BS6 इंजन दिया गया है जो कि 5500Rpm पर 50kw की पावर और 3500Rpm पर 90Nm का टॉर्क देता है। इसमें 5 स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन दिए गये हैं। इंजन रिस्पोंस काफी अच्छा रहा। इसका स्टेयरिंग सिटी ड्राइव और हाइवे के हिसाब से बढ़िया रहा। सिटिंग पोजीशन हाई होने के कारण से सड़क पर विजिबिटी काफी बेहतर रहती है और गाड़ी चलाते समय मजा आता है। 0-60 kmph की स्पीड यह आसानी से पकड़ लेती है और 80 तक जाने में कोई दिक्कत नहीं आती लेकिन 80-100kmph करने में इसे थोड़ा टाइम लग जाता हैं और इंजन थोड़ा आवाज करने लगता है, तो वही 100 से 120kmph करने में यह काफी टाइम ले लेती है। रोड पर इसकी स्टेबिलिटी अच्छी रहती है, और ड्राइव करते समय आत्मविश्वास बना रहता है। करीब 3 से 4 बार हमें ओवरटेक करने का मौका मिला और यहां पर यह कार निराश नहीं होने देती, इंजन रिस्पोंस बेहतर रहा। कुल मिलाकर मारुति का K सीरिज वाला इंजन नई एस-प्रेसो के साथ अच्छा तालमेल बिठाने में कामयाब रहा। सिटी ड्राइव के लिए यह एक अच्छी कार साबित हो सकती है। कंपनी का दावा है एक लीटर पेट्रोल में यह कार 21.7 किलोमीटर की माइलेज निकाल देती है।
नतीजा
कुल मिलकर नई मारुति सुजुकी S-Presso एक प्रेक्टिकल मिनी एसयूवी है, इसके डिजाइन में नयापन है। बाहर से कॉम्पैक्ट जरूर है लेकिन भीतर से इसमें काफी जगह है, इसका इंजन सिटी और हाइवे के लिहाज से अच्छा है। हाई ग्राउंडक्लेरेंस और बढ़िया सस्पेंशन की मदद से यह कार आसानी से खराब रास्तों को पार कर जाती है। कार की कीमत इम्प्रेस करती है और इसके फीचर्स डेली यूज के लिए अच्छे है। सेफ्टी के लिए इसमें एयरबैग्स, एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम, एबीएस, रियर पार्किंग सेंसर्स और सीट बेल्ट रिमाइंडर जैसे फीचर्स मिल जाते हैं। अगर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो नई S-Presso आपको पसंद आएगी।