बजाज ऑटो के वापस लौटे अच्छे दिन, सितंबर महीने में 10% ज्यादा बिके वाहन
Bajaj Auto (बजाज ऑटो) ने सितंबर 2020 की सेल्स रिपोर्ट जारी कर दी है। कंपनी ने सितंबर 2020 में कुल 4,41,306 यूनिट्स की बिक्री की है। इसकी तुलना अगर सितंबर 2019 से की जाए, तो पिछले साल इस महीने कंपनी ने कुल 4,02,035 यूनिट्स की बिक्री की थी। यानी पिछले साल की तुलना में इस साल सितंबर महीने में बजाज ऑटो की बिक्री में 10 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
20 फीसदी ज्यादा बिके दोपहिया वाहन
शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बजाज ऑटो ने कहा है कि सितंबर 2020 में उसके कुल 4,04,851 दोपहिया यूनिट्स की बिक्री हुई। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने दोपहिया वाहनों के कुल 3,36,730 यूनिट्स की बिक्री की थी। पिछले साल की तुलना में इस साल सितंबर महीने में बजाज ऑटो की दोपहिया वाहनों की बिक्री में 20 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
भारत में 6 फीसदी ज्यादा बिके वाहन
घरेलू बाजार की बात करें तो सितंबर 2020 में कंपनी के कुल 2,28,731 इकाईयों की भारतीय बाजार में बिक्री हुई। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने 2,15,501 वाहनों की घरेलू बाजार में बिक्री की थी। यानी भारतीय बाजार में कंपनी के वाहनों की बिक्री में 6 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
14 फीसदी बढ़ा निर्यात
निर्यात की बात करें तो सितंबर 2020 में कंपनी ने कुल 2,12,575 इकाईयों की भारत से बाहर बिक्री की। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने 1,86,534 वाहनों का निर्यात किया था। पिछले साल की तुलना में कंपनी ने 14 फीसदी ज्यादा वाहनों का निर्यात किया है।
44 फीसदी घटी कॉमर्शियल वाहनों की बिक्री
कॉमर्शियल वाहनों की बिक्री में कंपनी को 44 प्रतिशत की गिरावट का सामना करना पड़ा है। सितंबर 2020 में कंपनी ने कुल 36,455 कॉमर्शियल वाहनों की बिक्री की। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने कुल 65,305 कॉमर्शियल वाहनों की बिक्री की थी।