Driving License को आधार से जोड़ना होगा अनिवार्य: रविशंकर प्रसाद
अब तक आधार को लेकर सरकार की कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं जिसमें कहीं आधार जरूरी बताया गया तो कहीं नहीं। ऐसे में ड्राइविंग लाइसेंस और आधार को जोड़ने पर सरकार जल्द बड़ा कदम उठा सकती है।
यूनियन लॉ एंड जस्टिस एंड इलैक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मिनिस्टर रविशंकर प्रसाद फगवाड़ा में 106वीं इंडियन साइंस कांग्रेस कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे वहां उन्होंने बताया कि “हम कानून में जल्द एक और बड़ा बदलाव करने वाले हैं जो बिल संसद में लंबित है।
इसमें मोटर वाहन लाइसेंस के साथ आधार को लिंक करना अनिवार्य कर दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आधार को व्यक्तिगत पहचान में सहायक सबसे बड़े बदलाव के रूप में बताया। प्रसाद ने इसे मामले पर आगे कहा कि “मान लीजिए एक व्यक्ति ने अपने वाहन से 4 लोगों की हत्या कर दी और वह पंजाब से फरार होकर किसी अन्य राज्य पहुंच गया। जहां वह दूसरे पहचान पत्र से डुप्लिकेट लाइसेंस बनवा सकता है।
ऐसी स्थिति में आधार से लिंक होने के बाद वह नाम तो बदल सकता है लेकिन अपनी पहचान नहीं बदल सकता। जब भी ऐसा कोई व्यक्ति दूसरे पहचान पत्र से डुप्लिकेट लाइसेंस बनवाना चाहेगा तो सिस्टम तुरंत बताएगा कि इस व्यक्ति के पास पहले से लाइसेंस मौजूद है।
आधार अनिवार्य होने से फर्जी लाइसेंस के जारी किए जाने पर रोक लगाई जा सकती है। इसके अलावा वाहन चालक द्वारा सुरक्षा नियम तोड़ने पर काटे गए चालान का भी रिकॉर्ड रखा जाएगा। जिससे बिना चालान दिए वाहन चलाना कठिन होगा।
प्रसाद ने बताया कि भारत में ड्राइविंग लाइसेंस पाने की प्रक्रिया बहुत अव्यवस्थित है, ऐसे में इसे बेहतर बनाने का काम सरकार द्वारा किया जा रहा है। सरकार बेहतर ड्राइवर ट्रेनिंग स्कूल भी शुरू कर रही है जिसके द्वारा ड्राइवर्स को अच्छे से ड्राइविंग सिखाई जा सके।