साप्ताहिक आर्थिक राशिफल (1 से 7 अप्रैल): धन और व्यवसाय के मामले में कैसा रहेगा हफ्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौजूदा समय में शनि और केतु के साथ गुरु भी धनु राशि में युति कर चुके हैं। राहू की दृष्टि तो इन पर है ही, मंगल भी आठवीं दृष्टि से धनु राशि को देख रहे हैं। कुम्भ राशि में शुक्र और बुध की युति बनी हुई है। सूर्य मीन राशि से और मंगल वृषभ राशि से गोचर कर रहे हैं। गुरु, शनि और केतु युति में अच्छा फल नहीं देते हैं। हालांकि अलग-अलग तीनों ग्रह धनु में अच्छा फल ही देते हैं, लेकिन मिल जाने पर स्थितियों को चुनौतीपूर्ण बना देते हैं। शनि और केतु दोनों धीमी गति वाले ग्रह हैं, इसलिए ये युति भी लम्बे समय तक चलेगी। 18 साल में शनि-केतु की युति बनती है। अब गुरु भी साथ हैं जो 23 अप्रैल को वक्री अवस्था में वापस वृश्चिक में चले जायेंगे। इस सप्ताह धन, व्यवसाय और करियर पर ग्रहों के वर्तमान गोचर का आपकी राशि पर क्या प्रभाव पड़ेगा, देखते हैं:-
मेष राशिफल
राशिस्वामी मंगल धनभाव से गोचर कर रहे हैं। धनभाव के स्वामी शुक्र आपके लाभ भाव में पराक्रम भाव के स्वामी बुध के साथ युति में हैं। इस सप्ताह आप करियर से अधिक ध्यान निजी संबंधों पर केंद्रित करना चाहेंगे। परिजनों से अनुकूल सम्बन्ध बनायें ताकि आपको मानसिक शांति प्राप्त हो। आपको अपने वाणी व्यवहार पर विशेष नजर रखनी होगी। किसी भी प्रभावशाली या उच्च पदस्थ व्यक्ति के साथ व्यर्थ में ना उलझें। सरकारी काम में अडचने आ सकती हैं। शेयर बाजार में निवेश करने वालों को सावधान रहने की जरूरत है। यदि लम्बा निवेश करना हो तो निर्णय लें। विदेशों से या किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी से लाभ के श्रोत बनेंगे। आयात-निर्यात के लिए शुभ समय है। इस सप्ताह स्वभाव में उग्रता दिख सकती है। संयम रखने की आवश्यकता है। मेहनत का फल अनुपात से कम मिलेगा। कार्य में व्यस्तता बनी रहेगी इसलिए थकावट भी हो सकती है। सरकारी सेवाओं के लिए तैयारियों में लगे छात्रों को सफलता के लिए और अधिक मेहनत करने की जरुरत है। प्रोफेशनल क्षेत्र में सामान्य से अच्छे परिणाम मिलेंगे और अध्यात्म विषय के प्रति आपकी रुचि बढ़ेगी। धार्मिक कार्यों में व्यय हो सकता है। इसके अतिरिक्त अचानक कुछ खर्चे आ सकते हैं, युक्तिपूर्वक निर्णय लें क्योंकि अभी नकदी पास में होना आवश्यक है।
वृषभ राशिफल
आपका राशिस्वामी शुक्र आपके कर्मस्थान में धनभाव के स्वामी बुध के साथ युति में हैं। मंगल आपकी राशि में विराजमान हैं। सप्ताह की शुरूआत से आप सफलता एवं सुख का स्वाद चखने में सफल रहेंगे। यदि आप व्यापार करते हैं तो बाजार में आपकी स्थिति सुदृढ़ होगी और आपके उत्पादों की मांग बनी रहेगी। इससे आपका व्यवसाय प्रगति करेगा। उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को अपेक्षित नतीजों के लिए थोड़ी सी कड़ी मेहनत करने की जरूरत रहेगी। सफकता अवश्य मिलेगी। तकनीकि क्षेत्र में नौकरी करने वाले जातकों के उच्च अधिकारियों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। इस समय आपको उच्च अधिकारियों की तरफ से आर्थिक लाभ मिलने की संभावनाएं भी प्रबल हैं। इस अवधि के दौरान आप अपने खुद के परिश्रम से अधिक धन अर्जित कर सकते हैं। आप एक ही समय में विभिन्न व्यवसायों द्वारा धनार्जन कर सकेंगे। कुल मिलाकर, यह एक अच्छा समय और सफल अवधि है। लेकिन किसी भी स्थिति में गैर-कानूनी ढंग से लाभ की ना सोचें। धनभाव का राहू आपके लिए समस्याएं उत्पन्न कर सकता है। इसलिए आर्थिक मामलों में सतर्कता बरतें और किसी लोभ में ना पड़ें।
मिथुन राशिफल
आपका राशिस्वामी बुध भाग्यभाव में शुक्र के साथ विराजमान रहेंगे। धनेश चन्द्रमा आपके अष्टमभाव से लाभ भाव तक गोचर करेंगे। राहू आपकी राशि में ही उपस्थित हैं। इसलिए आर्थिक दृष्टि से बहुत अच्छी स्थिति तो नहीं कही जा सकती है। इस समय व्यापारिक या वसूली के लिए यात्रा करना लाभदायक नहीं रहेगा और यह कुछ कष्टदायक भी होगी अतः अति अनिवार्य ना हो तो इसे कुछ समय के लिए टाल दें। वैसे सप्तम गुरु थोड़ा शुभ संकेत दे रहे हैं। सप्ताह मध्य में आर्थिक मोर्चे में भी अच्छे परिणाम मिलेंगे। आर्थिक जीवन में स्थिरता देखने को मिलेगी। यदि आपका धन कहीं फंसा हुआ भी है तो वह भी आपको इस सप्ताह में मिलने की संभावना बनती है। यदि आप इस समय किसी नए व्यापार में निवेश करने से बचें लेकिन इस योजना पर मंथन व विचार-विमर्श करते रहें। विलासिता सम्बन्धी खर्चे पर अंकुश लगायें। हालाँकि धनाभाव में आपका कोई काम नहीं रुकेगा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काम करने वाले नौकरीपेशा लोगों को इस सप्ताह प्रोत्साहन या कमिशन के रूप में पैसा मिल सकता है। मित्रों से आर्थिक लाभ में मदद मिलेगी लेकिन सामाजिक जीवन में वाद–विवाद की प्रबल संभवना है।
कर्क राशिफल
सोमवार के राशि स्वामी चन्द्रमा सप्तम भाव में हैं इसलिए शुरुआत संतोषजनक रहेगी। सप्ताहांत में चन्द्रमा दशम भाव से गोचर करेंगे। धनभाव के स्वामी सूर्य भाग्य भाव में हैं। लाभ भाव के स्वामी शुक्र अष्टम भाव में बुध के साथ विराजमान हैं। गोचर के दौरान सफलता के लिए आपको निरंतर प्रयासरत रहना पड़ेगा और धैर्य के साथ परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा। यदि आप व्यवसायिक लोन लेने पर विचार कर रहे हैं तो गोचर में योग बने हुए हैं। लेकिन अभी व्यावसायिक विस्तार, नई बड़ी योजनाओं को आरम्भ करने आदि पर केवल मंथन और विचार करें। अभी क्रियान्वयन का समय नहीं आया है। इस समय प्रतिद्वंद्वी आपके ऊपर हावी होने का प्रयास कर सकता है। इसलिए उसकी चाल से सावधान रहें। आपको मानसिक तनाव से गुजरना पड़ सकता है। जहाँ तक संभव हो किसी वाद-विवाद से बचें और किसी अप्रिय मामले को न्यायलय तक ना जानें दें अन्यथा मानसिक और आर्थिक दोनों तरह के जोखिम उठाने पड़ सकते हैं। आपका मनोबल व्यावसायिक मुश्किलों को कम करेगा। बिना पक्की जानकारी के किसी पर शक न करें। शिक्षा, प्रतियोगिता और नौकरी के लिए साक्षात्कार के लिए एक बेहतर समय है।
सिंह राशि
आपके राशिस्वामी सूर्य अष्टम भाव से गोचर कर रहे हैं। आपके धनभाव के स्वामी बुध कर्मस्थान के स्वामी शुक्र के साथ युति बनाकर सप्तम भाव से गोचर कर रहे हैं। लाभ भाव में राहू गोचर कर रहे हैं। शुक्र आपको आर्थिक लाभ देगा। जो भागीदारी में व्यापार कर रहे हैं उन्हें बड़ी सफलता मिलेगी। इस गोचर का आपके जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। नौकरीपेशा और वाणिज्य-व्यवसाय दोनों से जुड़े लोग तरक्की करेंगे। अधिक लोगों से आपके संपर्क स्थापित होंगे। सामाजिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सार्वजनिक जीवन में अधिक सक्रिय रहेंगे। व्यावसायिक संपर्कों द्वारा किसी प्रकार के लाभ मिलने की संभावना बढ़ेंगी। बौद्धिक क्षेत्रों में व्यवसायिक रूप से जुड़े जातक अच्छी प्रगति कर सकेंगे, जिसमें विशेष रूप से कम्युनिकेशन, शिक्षण, बैंकिंग आदि में आप उत्तम परिणाम देंगे। आपको उच्च अधिकारी, सरकारी अधिकारियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ मुलाकात के प्रसंग बनेंगे, जिनसे लाभ की सम्भावना बनेगी। आप समय पर काम पूरा करने में असमर्थ रह सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों का प्रदर्शन बेहतर रहेगा। सप्ताहांत में भौतिक सुखों में वृद्धि होगी। मनोबल बढेगा। इस समय आप कोई सामाजिक जिम्मेदारी उठा सकते हैं।
कन्या राशि
आपके राशिस्वामी बुध तथा धनभाव के स्वामी शुक्र युति बनाकर छठे भाव से गोचर कर रहे हैं। लाभेश चन्द्रमा इस सप्ताह पंचम भाव से अष्टम भाव तक गोचर करेंगे। शनि की दृष्टि बुध और शुक्र पर रहेगी। सप्ताह के प्रारंभ में आपका मन विजयी भाव से ओत-प्रोत रहेगा और आप शांति से समय बिताएंगे। आपकी स्थितियां लगातार मजबूत बनी रहेंगी। लेकिन कार्यस्थल पर अवरोध और विलम्ब दोनों से आपका सामना होगा। छोटी सी लापरवाही भी आपको मुसीबत में डाल सकती है। आर्थिक मामलों में आपको निश्चिन्तता रहेगी। यदि कोई सरकारी काम रुका हुआ है तो इस सप्ताह हो जायेगा। उच्चाधिकारियों का कार्य-संपादन में सहयोग मिलेगा। सरकारी कर्मचारियों के लिए यह समय उत्तम है। आपके अधीनस्थ आपकी भरपूर मदद करेंगे। यदि आवश्यकता हुई तो वे आपके बचाव के लिए आगे आ सकते हैं। किसी भी व्यक्ति पर ज़रुरत से ज़्यादा विश्वास न करें, क्योंकि उनके द्वारा आपके विश्वास को तोड़ा भी जा सकता है। सप्ताहांत में कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें। कार्यों में अवरोध आने एवं विलंब होने से आप मानसिक बेचैनी महसूस करेंगे। विलासितापूर्ण जिंदगी से आपका मोहभंग हो सकता है।
तुला राशिफल
राशिस्वामी शुक्र भाग्येश बुध के साथ पंचम भाव से गोचर कर रहे हैं। धनभाव के स्वामी मंगल अष्टम भाव से गोचर कर रहे हैं। लाभेश सूर्य छठे भाव में हैं। आर्थिक मोर्चे पर समय मिलाजुलाकर अनुकूल रहेगा। गोचर आपको वाणिज्य-व्यवसाय के मामलों के प्रति प्रेरित करेगी। नौकरीपेशा जातक पूरे जोश एवं उत्साह के साथ कार्य करते हुए अपने कौशल के दम पर प्रगति पथ पर आगे बढ़ेंगे। सरकारी, कृषि एवं संबंधित कार्यों से जुड़े जातकों को विशेष लाभ होने की संभावना है। सेल्स एवं मार्केटिंग में जुड़े जातक प्रगति करेंगे। लेकिन तीसरे भाव में गुरु, शनि और केतु के गोचर के दौरान आपके पराक्रम में कमी आ सकती है और आप आलसी स्वभाव के हो सकते हैं। इस दौरान तुला राशि के जातकों को विभिन्न प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। सफलता की राह में बाधाएँ देखने को मिल सकती हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि यह अवधि आपके लिए बहुत ही चुनौतीपूर्ण रह सकती है। इसलिए सूझ-बूझ से काम लें और व्यवहारिक पक्ष को हमेशा महत्त्व दें। लाटरी तथा जुआ-सट्टा से दूर रहें क्योंकि भाग्य भाव में राहू की उपस्थिति आपको बड़ी हानि पहुंचा सकता है।
वृश्चिक राशिफल
आपके राशिस्वामी मंगल सप्तम भाव में विराजमान हैं। धनभाव के स्वामी स्वग्रही होकर शनि और केतु के साथ धनभाव में ही विराजमान हैं। सप्ताह की शुरुआत उत्तम है क्योंकि चन्द्रमा तृतीय भाव में हैं। लाभेश बुध शुक्र के साथ चतुर्थ भाव गोचर रहे हैं। नौकरीपेशा जातकों के लिए समय प्रगति कारक है। अत्याधिक भावनात्मक अपेक्षाएं संबंधों में कष्ट का अनुभव कराएंगे। आपकी मुखर वाणी आपको सफलता दिलाएगी। अचानक कोई सुखद समाचार मिल सकता है। कार्यों में अवरोध समाप्त होंगे। भागीदारी व्यवसाय से जुड़े लोगों को वाणी पर अंकुश रखना चाहिए। मन पूर्ण उत्साह के साथ कठिन से कठिन समस्या का सामना करने के लिए तत्पर होगा। यदि आपने किसी को रुपये उधार दे रखे हैं तो उनके मिलने में फिलहालअड़चनें आ सकती हैं। यदि किसी सम्बंधी से कोई आर्थिक लेनदेन का मामला उलझा है तो फ़िलहाल शांति से काम लें अन्यथा विवाद की स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। किसी संक्षिप्त मार्ग से पैसे बनाने का विचार उचित नहीं है। यह आपको किसी परेशानी में डाल सकता है। कार्यालय में सहकर्मी और उच्चाधिकारियों से पूरा सहयोग मिल सकता है। अधूरे कार्य पूरे होंगे।
धनु राशि
आपकी राशि से शनि महाराज गोचर कर रहे हैं इसलिए साढ़े-साती का सर्वाधिक असर होगा। आपकी राशि से ही राशिस्वामी गुरु और केतु भी गोचर कर रहे हैं। शनि धनभाव के स्वामी भी हैं। लाभ भाव के स्वामी शुक्र आपके तीसरे भाव से गोचर कर रहे हैं और बुध के साथ युति में हैं। शनि की दृष्टि तीसरे भाव पर है। तीन ग्रहों की युति से आपकी स्थिति संतुलित रहते हुए भी कम चुनौतीपूर्ण नहीं होगी। बुध शुक्र का तीसरे भाव में स्थित होना आपको व्यावसायिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता दिलाएगा लेकिन विस्तार की योजनाओं को देखभाल कर ही व्यावहारिक रूप देना आपके लिए उत्तम रहेगा। यदि आप कुछ नया करने जा रहे हैं तो उस क्षेत्र से जुड़े अनुभवी लोगों की सलाह जरूर लें। यदि आप का व्यापार भागीदारी में है तो आपसी सम्बंधों को और भी बेहतर करने की कोशिश करें। मेहनत का फल जरूर मिलेगा। सरकारी और निजी क्षेत्र से ऑर्डर या अनुबंध संबंधित अटका हुआ कार्य आगे बढ़ेगा। हालाँकि बीच-बीच में धनलाभ की स्थितियां बनती रहेंगी लेकिन जोखिम उठाने के लिए समय अनुकूल नहीं है। अभी शेयर बाजार में निवेश से दूर ही रहना चाहिए।
मकर राशिफल
आपका राशिस्वामी और धनभाव के स्वामी शनि आपके व्यय भाव से गुरु और केतु के साथ गोचर कर रहे हैं। मंगल आपके लाभ भाव के स्वामी हैं और पंचम स्थान से गोचर कर रहे हैं और शनि पर दृष्टि बनाये हुए हैं। धनभाव में शुक्र और बुध विराजमान हैं। इस दौरान आपको विविध क्षेत्रों में मिलेजुले परिणाम मिलेंगे। सरकारी नौकरी, यांत्रिक क्षेत्र, मीडिया, शिक्षण इत्यादि से जुड़े जातक अधिक आर्थिक लाभ की उम्मीद रख सकते हैं। सप्ताह की शुरुआत में ही भागीदार के साथ कोई भी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होगा। आप अपनी मधुर वाणी के बल पर बहुत सारे कार्य सरलता से संपन्न करेंगे। कारोबार में आपकी व्यस्तता के कारण कुछ अन्य कार्य छूट सकते हैं। किसी आर्थिक मामले को लेकर आप थोड़े से असंतुष्ट रह सकते हैं। अच्छे अवसर का इंतजार करना आपके लिए लाभदायक साबित होगा। दैनिक व्यापार करने वालों को थोड़ी अनियमितता का सामना करना होगा। कारोबार के लिए नई संपत्ति या मशीनरी की खरीदी के लिए निर्णय ले सकते हैं। आपकी साहसवृत्ति बढ़ेगी। आप व्यवसाय में सफलता के हेतु भागदौड़ या परिश्रम से पीछे नही हटेंगे। शत्रुओं से सतर्क रहना होगा, वे आपका मार्ग अवरुद्ध करेंगे।
कुम्भ राशिफल
आपका राशिस्वामी शनि आपके लाभ भाव से गुरु और केतु के साथ गोचर कर रहे हैं। गुरु आपके धनभाव और लाभभाव दोनों के स्वामी हैं। शुक्र और बुध आपकी राशि में युति बनाकर गोचर कर रहे हैं। आप शनि से द्रष्ट हैं। सूर्य धनभाव में विराजमान हैं। सोमवार को ही दिन होते ही चंद्रमा आपकी राशि में आ जायेंगे अतः पूरे उत्साह और खुशी के साथ इस सप्ताह की शुरुआत करेंगे। अचल संपत्ति में निवेश करना अच्छा रहेग। हिस्सेदारी में कार्य करने वाले जातकों को सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना है। भविष्य के लिए योजना बना लें और हर संभव मौके पर भाग्य आजमा कर देखें। अचानक धन लाभ के योग बन रहे हैं। व्यवसायिक अवसर सामने आएंगे, लेकिन निर्णय में असहजता रहेगी। धनागमन के मौके प्राप्त होंगे और कुछ धन सुरक्षित निवेश भी कर सकेंगे। भागीदारी में व्यवसाय करने वालों को तालमेल बिठाकर चलना होगा। पारिवारिक व्यवसाय वालों को पुत्र से मतभेद हो सकता है। सप्ताह के शुरुआती दिनों में ऋण के लेनदेन काफी अनुकूल रहेंगे। रोजमर्रा के काम रुक-रुक कर ही सही लेकिन पूरे होते रहेंगे। कार्य में उत्साह बना रहेगा और मनोबल भी मजबूत होगा।
मीन राशिफल
राशिस्वामी गुरु कर्मस्थान में शनि और केतु के साथ गोचर कर रहे हैं। धनभाव के स्वामी मंगल तृतीय भाव से गोचर कर रहे हैं। शनि लाभ भाव के स्वामी हैं। सूर्य आपकी राशि में हैं। आप अपनी उग्र वाणी एवं अपने अभद्र व्यवहार पर अंकुश लगाएं। किसी से बातचीत करते समय स्पष्टता बना कर रखें अन्यथा शब्दों के गलत अर्थ निकाले जा सकते हैं। सरकारी क्षेत्रों से जुड़े आपके कार्य अटक सकते हैं। संभव हो तो इस समय न्यायलय के मामलों को टाल दें। आपकी सतर्कता आपको बचा सकती है। इस सप्ताह आपकी आय एवं व्यय का पलड़ा संतुलित रहेगा। बैंक लोन, फाइनेंस और वसूली के काम संपन्न होंगे। आपके प्रतिद्वंद्वी या शत्रु आपके आर्थिक कार्यों में अवरोध पैदा करने के प्रयत्न करेंगे। आयात-निर्यात के कामकाज करने वालों को विशेष लाभ होगा। अन्य व्यावसायियों को आंशिक लाभ मिलेगा। अंतिम दो दिनों में कड़ी मेहनत और भागदौड़ करनी होगी। नौकरीपेशा जातकों की पीठ के पीछे उनके खिलाफ षड़यंत्र रचे जा सकते हैं एवं आपके हाथ में से अवसर निकल सकते हैं। अपनी छवि का ध्यान रखें और अकारण किसी से ना उलझें। व्यावहारिक कुशलता से नए अवसर प्राप्त करें।