Numerology 2021: मूलांक के आधार पर जानिए आपके लिए कैसा रहेगा साल 2021
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
Numerology 2021: अंक ज्योतिष प्राचीन विज्ञान हैं, जो हमारे जीवन में हमारे भाग्य, अवसर और चुनौतियों को बताता हैं। अंक ज्योतिष में अंकों का बहुत महत्व हैं क्योंकि हमारे ब्रह्मांड में यही अंक जीवन के सभी पहलुओं से जुड़े हुए हैं। अंक ज्योतिष राशिफल में व्यक्ति के जीवन में अंकों के माध्यम से पड़ने वाले प्रभावों का ज्योतिषीय विश्लेषण किया जाता है। अंक ज्योतिष की गणना के आधार पर वर्ष 2021 में सबसे ज्यादा प्रभाव डालने वाला अंक 5 होगा। वर्ष 2021 का कुल योग 5 (2+0+2+1=5) है। नया साल 2021 अंक ज्योतिष राशिफल के आधार पर आप सभी के लिए कैसा रहेगा, आइए जानते हैं...
मूलांक 1 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 1
जिनका जन्म अंक 1,10, 19 और 28 हैं, इनका जोड़ 1 अंक होता हैं। ऐसे लोग सूर्य के प्रभाव से जुड़े होते हैं। इन जातकों के जीवन में नेतृत्व, अहम और ऊर्जा प्रधान रहती हैं। ये लोग अपने कार्य और रिशतों को लेकर बहुत महत्वकांक्षी होते हैं। इस अंक के लोग किसी के नीचे काम करना पसंद नहीं करते हैं और अपने आप में ही बॉस होते हैं। आपके लिए 2021 वर्ष जिसका जोड़ 5 अंक हैं और स्वामी बुध हैं। जिस कारण यह वर्ष बहुत ही चुनौतियों से भरा होगा, लेकिन इतनी मेहनत और संघर्ष के बाद सफलता भी अवश्य प्राप्त होगी। आप अपने कार्य-स्थल पर कुछ नया कर दिखाने के काबिल होंगे। अपने परिवार और नजदीकी संबंधों को लेकर इस वर्ष आप बहुत ही प्रेम भरा जीवन यापन करेंगे।
मूलांक 1 के लिए करियर
1 अंक वालों के लिए वर्ष 2021 कार्य को लेकर कुछ संघर्ष भरा होगा, लेकिन आपकी मेहनत भी अवश्य रंग लाएगी और इसका फल आपको वर्ष मध्य में ही नजर आएगा। 2021 वर्ष का जोड़ 5 अंक है, जिसके स्वामी बुध हैं, आपका अंक 1 सूर्य का है जिससे यह वर्ष बिना किसी परवाह किए काम के लिए प्रेरित रखेगा। यह वर्ष नए कार्य के लिए भी बेहतर रहेगा और आपके नए-नए लोगों से भी जुड़ेंगे, जिससे लाभ के साथ आय में भी बढ़ोतरी के अवसर प्राप्त होंगे। नौकरी कर रहे लोगों के लिए वर्ष की शुरुआत में प्रमोशन के लिए सुनहरा अवसर लाएगा। नौकरी के क्षेत्र में अप्रैल और अगस्त के माह में बहुत सावधानी रखने की आवश्यकता रहेगी।
मूलांक 1 के लिए आर्थिक स्थितियां
2021 का वर्ष अंक 1 के जातकों के लिए धन को लेकर उनकी इच्छाओं को पूरा करने आ रहा हैं। इस वर्ष आप घूमने और अपने मनोरंजन पर पैसा खर्च करेंगे और ये 5 अंक का वर्ष आपको नए-नए रास्तों से धन भी दिलाएगा। इस वर्ष शिक्षा और यात्राओं के माध्यम से धन का आगमन होगा। व्यापारियों के लिए और फाइनेंस के काम में भी लाभ मिलेगा। अगर आप रियेल-एस्टेट अथवा शेयर बाजार में धन कमाना चाहते हैं तो मार्च, मई, जून, अक्टूबर और दिसंबर का महीना बहुत ही बेहतर रहेगा।
मूलांक 1 के लिए प्रेम संबंध और वैवाहिक जीवन
अंक 1 के जातकों के लिए यह जीवन प्रेम के लिए बहुत रोमांटिक जाने वाला हैं क्योंकि आप अपने साथी से जो भी उम्मीद रखते थे वह आपकी इस वर्ष पूरी होगी। आप अपने साथी के साथ घूमने और रोमांस में समय बिताएंगे। आप अपने परिवार के साथ बहुत ही प्रेम से ही चलें क्योंकि आपका अहम भरा स्वभाव आपके लिए नुकसान का कारण बन सकता हैं। वैवाहिक लोगों के लिए यह वर्ष उनके जीवन में नए साथी की दस्तक दे रहा हैं जिससे घर से बाहर भी नए रिश्ते कायम होंगे और अगर आपका जीवनसाथी आपका साथ नहीं देता तो आप बाहर भी भटक सकते हैं। वर्ष के अंत में आपका वैवाहिक जीवन खुशनुमा रहेगा। अविवाहित लोगों के लिए विवाह के लिए यह साल अनुरूप रहेगा।
मूलांक 1 के लिए सेहत
अंक 1 के जातकों की सेहत के लिए यह साल उत्तम रहेगा, लेकिन आप खाने-पीने का ध्यान नहीं रखते तो आपके पेट में समस्या हो सकती हैं। अगर आप अधिक नशा करते हैं तो वह भी आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अगर आपको सिर या आंखों की कोई समस्या हैं तो उसका भी ध्यान रखें और कोई परेशानी हो तो समय रहते इलाज करवा लें। इस वर्ष जनवरी, अप्रैल और अगस्त माह में वाहन से दुर्घटना के आसार बन रहे हैं, बहुत ही आराम से वाहन चलाए और गुस्से में घर से बाहर न निकले।
मूलांक 2 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 2
जिनका जन्म 2, 11, 20 या 29 तारीख को होता है, उनका मुख्य अंक 2 हैं। अंक 2 का स्वामी चंद्रमा ग्रह हैं जो सबसे सौम्य और संवेदनशील ग्रह हैं। ऐसा जातक भावुक व आकृषित होता हैं और उसमें काल्पनिक शक्ति गजब की होती हैं। ऐसे लोग शीघ्र ही दूसरों की बातों को दिल से लगा लेते हैं और अगर इनके पास कोई काम नहीं हो तो ये लोग बहुत बार नकारात्मकता के शिकार भी हो जाते हैं, जिससे अकेलापन महसूस करते हैं। ऐसे लोग हमेशा सबके साथ रहना पसंद करते हैं और काम भी सबके साथ मिल कर करना पसंद करते हैं। 2021 वर्ष अंक 2 वालों के लिए जीवन में नया सबक सिखाने आ रहा हैं, कि कैसे जीवन को अकेलेपन और नकारात्मकता में जीने के बजाए सबके साथ मिलकर मनोरंजन के साथ जीना चाहिए। अंक 2 के लिए यह 5 अंक का वर्ष मन के कारक चंद्रमा का साथ और बुद्धि के कारक ग्रह बुध के साथ बन रहा हैं, यानी मन और बुद्धि का मिलन होगा।
मूलांक 2 के लिए करियर
अंक 2 के लिए 2021 का वर्ष कार्य-क्षेत्र में बहुत कुछ नया दिखाने आ रहा है, जिससे इस वर्ष नए अवसरों के साथ बहुत कुछ नया सीखने को भी मिलेगा। नया व्यवसाय करने वालों के लिए यह वर्ष सफलता का सूचक रहेगा और लाभ की भी प्राप्ति होगी। इस वर्ष आप अपने कार्य में आनंद महसूस करेंगे और कार्य को लेकर भ्रमण करने का भी अवसर भी प्राप्त होगा। नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह वर्ष नौकरी में मनचाहे अवसर लाएगा और मई से पहले प्रमोशन के भी अच्छे अवसर मिलेंगे। जो लोग मनचाही नौकरी की तलाश में हैं, उनको अप्रैल तक नई नौकरी मिलेगी और अपने ही बल पर बहुत कुछ नया कर दिखाने का भी अवसर प्राप्त होगा। अगस्त के बाद मन-मस्तिष्क में कुछ संघर्ष चलेगा, लेकिन इस वक्त में भी गुस्से में आकर नौकरी न छोड़ें।
मूलांक 2 के लिए आर्थिक स्थितियां
अंक 2 के लिए 2021 में धन की स्थिति बेहतर रहेगी, लेकिन आपको अपने खर्चों पर लगाम लगाने की आवश्यकता रहेगी क्योंकि इस वर्ष आप धन के खर्च को लेकर मनमौजी बन जाएंगे और धन की बचत पर ध्यान ही नहीं जाएगा। वर्ष की शुरुआत घर खरीदने के लिए बेहतर रहेगी और आप अपने घर की साज-सज्जा में भी पैसा खर्च करेंगे। मई से सितम्बर माह के मध्य आप किसी जमीन में निवेश के बारे में न सोचे, न ही शेयर बाजार में अधिक धन लगाएं। वर्ष अंत में आपका वेतन बढ़ने से आपको लाभ की प्राप्ति होगी और आप अपने अधूरे कार्य भी पूरे कर पाएंगे। अगर आप कर्ज़ लेने की सोच रहे हैं तो वर्ष मध्य को छोड़ कर सभी उत्तम रहेगा।
अंक 2 के लिए प्रेम और वैवाहिक संबंध
अंक 2 यानि चंद्रमा के जातकों के लिए वर्ष 2021 बुध का वर्ष रहेगा, आप अपने परिवार के साथ हमेशा साथ में चलना पसंद करते हैं, लेकिन इस वर्ष कुछ बदलाव आएगा। इस वर्ष आप अपने जीवन साथी के साथ बहुत ही रोमानी पलों का आनंद लेंगे, आप दोनों की करीबी आपस में बढ़ेगी। जिससे बात विवाह तक जाएगी। अगर आप अकेले हैं और आपका कोई साथी नहीं हैं तो वर्ष के शुरुआत में आपकी किसी से दोस्ती होगी और फिर यही दोस्ती प्रेम में बदल जाएगी। वैवाहिक लोगों के जीवन में भी आपसी प्रेम में वृद्धि होगी और अधिकतर समय आपसी बातचीत और बाहर एक-साथ घूमने में बिताएंगे। जुलाई के बाद अचानक रिश्तें में तनाव से मतभेद जैसी स्थिति उत्पन्न होगी और दूरी तक बन सकती हैं। आपको चाहिए कि अधिक गलतफहमी से बचें और समय रहते अपने रिश्तें को संभाल लें। वर्ष के अंत तक आते-आते रिश्ते में मधुरता बननी शुरू हो जाएगी।
अंक 2 के लिए सेहत
अंक 2 के लिए 2021 वर्ष सेहत को लेकर कुछ मिला-जुला रहेगा जिससे आपको अपने खाने-पीने में लापरवाही नहीं बरतनी हैं। सुबह समय पर जाग कर योगा और ध्यान में समय लगाना होगा। अगर आपको वर्ष के शुरुआत में खांसी या कफ की समस्या आती हैं तो इस समय में सावधानी रखें। अधिक कार्य की वजह से मानसिक तनाव रहेगा, जिससे अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दे पाएंगे। आप खुद को अकेला न समझें और सबके साथ समय बिताने की कोशिश करें, जिससे मानसिक तनाव में भी कमी आएगी। वर्ष के अंत में अपने पेट और त्वचा की परेशानी को लेकर कुछ सावधानी रखें।
मूलांक 3 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 3
अगर आपका जन्म 3, 12, 21 या 30 तारीख को हुआ है तो आपका मूलांक 3 होगा, जिसके स्वामी गुरु ग्रह हैं। साल 2021 जिसका कुल योग 5 बुध ग्रह से जुड़ा है। आपका अंक 3 ज्ञान के कारक गुरु का हैं, जिससे आपके पास नए-नए विचार आते हैं। आप लोग संवाद कला और जोश से भरपूर होते हैं। आपको खेल-कूद और मनोरंजन बहुत प्रेरित करता है, जिससे आप हमेशा सृजनशील रहते हैं। आप जिस कार्य को करते हैं उसे पूरा करने में प्रयत्नशील हो जाते हैं और अपने नए विचारों और ज्ञान से उसमें जान ड़ाल देते हैं। 2021 का वर्ष जिसका जोड़ 5 है, यह बुध का अंक हैं। जिससे यह वर्ष आपको कुछ नया करने के लिए प्रेरित करेगा और आप नये अवसरों का फायदा उठाकर इस वर्ष आप अपने जीवन को नया आयाम देंगे।
मूलांक 3 के लिए करियर
3 अंक के लिए 2021 वर्ष नये कार्य और पहले से चल रहे कार्य को नया रूप देने आ रहा है, क्योंकि यह वर्ष आपके पास नई-नई योजनाओं के साथ सुनहरे अवसरों को भी लाएगा। 2021 में आपका दिमाग और ज्ञान दोनों आपका साथ देंगे। अप्रैल के बाद आपको नया ऑफर आएगा, इस डील से आपको व्यापार में बहुत लाभ भी मिलेगा। अगस्त के बाद आप कुछ नया करने की सोचेंगे। नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह वर्ष उनके किए हुए कार्य की प्रशंसा के लिए आ रहा है, क्योंकि इस वर्ष आपकी बुद्धि का प्रवाह अच्छा रहेगा जिससे आपके दिमाग में नए-नए विचार आएंगे। अगर आपके पास नौकरी नहीं है तो यह साल आपको नई नौकरी के अवसर भी देगा। साथ ही पहले से नौकरी कर रहे लोगों के लिए प्रमोशन के लिए भी अच्छा वर्ष रहेगा।
मूलांक 3 के लिए आर्थिक स्थितियां
3 अंक के लिए 2021 का वर्ष धन को लेकर अच्छा जाने वाला हैं। आपके पास पैसा आएगा भी और पैसा खर्च भी करेंगे। इस वर्ष पैसे की कमी नहीं आएगी और अगर आएगी तो वह समय रहते पूरी भी हो जाएगी। 2021 में अगर आपको कर्ज लेना पड़ेगा तो आप अप्रैल से पहले या सितंबर के बाद कोशिश करें, इसके मध्य किसी कारणवश रुकावट आ सकती है। अगर आपको किसी से धन वापस भी लेना है तो यह वर्ष उसके लिए भी उत्तम रहेगा। वर्ष की शुरुआत में आप शेयर मार्किट में भी निवेश करेंगे तो आपको लाभ मिलेगा। जमीन से जुड़ी कोई डील भी इस वर्ष आपको लाभ दे कर जाएगी।
मूलांक 3 के लिए प्रेम संबंध और वैवाहिक जीवन
अंक 3 के लिए यह 2021 वर्ष रिश्तों के लिए बहुत ही खुशनुमा बीतने वाला है, अगर आप अकेले हैं तो 2021 में आपके जीवन में मनचाहा साथी आएगा, लेकिन अगर किसी बात को लेकर मतभेद हो तो आपको समय रहते इसे संभाल लेना हैं, तभी आप रिश्ते में प्रेम का अहसास कर पाएंगे। वहीं आप पहले से ही किसी से प्रेम करते हैं, तो आप उनके साथ रोमानी समय बिताएंगे, लेकिन आपका अहम आपके रिश्ते का दुश्मन बनेगा। वैवाहिक लोगों के लिए 2021 का वर्ष रिश्तों मे सुधार लाएगा। आपका जीवनसाथी आपके साथ अपना वक्त बिताएगा और पुराने गिले-शिकवे इस वर्ष दूर होंगे। वर्ष मध्य में आपकी वजह से ही कुछ गलतफहमी होगी, जो रिश्ते में खटास लाएगी। आपको बहुत ही प्रेम से अपने गृहस्थ जीवन को संभालना होगा।
मूलांक 3 के लिए सेहत
अंक 3 के यह 2021 का वर्ष शुरुआत में तो बहुत बेहतर जाने वाला है। आप अपने स्वास्थ्य को लेकर बहुत ही सावधान रहेंगे और अपना बहुत ही ध्यान रखेंगे। अगर पहले से कोई परेशानी चल रही थी उससे भी आप निज़ात पाएंगे। परंतु इसी वर्ष के मध्य में अचानक पेट या छाती की परेशानी आएगी। जिसके लिए आपको किसी तरह की लापरवाही नहीं करनी है। जब भी जैसे ही कोई समस्या आती हैं उसी समय इलाज करवाना है। वर्ष अंत में आपकी सेहत अच्छी रहेगी और आप चुस्त-तंदरुस्त महसूस करेंगे।
मूलांक 4 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 4
अगर आपका जन्म 4, 13 या 22 तारीख को हुआ है तो आपका मुख्य अंक 4 होगा, जिसके स्वामी कलयुग के प्रधान ग्रह राहु हैं। यह अंक बहुत चतुराई और कूटनीतिज्ञ भरा है, ऐसे लोग किसी से भी काम निकलवाने में माहिर होते हैं। ये लोग नियमों को कम ही मानते हैं और किसी भी नियम को तोड़ने के लिए तत्पर रहते हैं। आपको किसी से भी लड़ना हो तो आप बहुत ही चालाकी से सामना करते हैं और अपनी गलती कभी नहीं मानते। आप किसी काम को शुरू करते हैं तो बहुत संघर्ष के साथ आगे बढ़ते हैं और उस काम को जूनुन के साथ पूरा करते हैं। वर्ष 2021 का अंक 5 है, जिसके स्वामी बुध हैं, जिससे इस वर्ष आपका दिमाग पहले से भी अधिक चतुराई भरा चलेगा और आप अपने आगे किसी को कुछ नहीं समझेंगे।
मूलांक 4 के लिए करियर
अंक 4 के लिए 2021 का वर्ष व्यापार के लिए बहुत बेहतर जाएगा, क्योंकि यह 2021 का 5 अंक आपके दिमाग की चालाकियों को हवा देगा और आप अपने कूटनीतिज्ञ दिमाग से सामने वालों को शीशे में उतारने में कामयाब हो जाएंगे। यह वर्ष नये कार्य के लिए भी बेहतर रहेगा। आप नई-नई योजनाओं पर काम करेंगे और आपको सफलता की प्राप्ति भी होगी, जिससें आपकी नई पहचान बनेगी। आपको अपनी चतुराई के अलावा ईमानदारी से काम करना चाहिए, तभी आप अपनी पहचान लंबे समय तक बना पाएंगे। नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह वर्ष प्रमोशन के लिए बेहतर रहेगा और अगर आप नौकरी बदलना चाहते हैं, तो अप्रैल से समय बेहतर रहेगा। 2021 में अगस्त के बाद का समय नौकरी में कुछ सावधानी रखनी होगी।
मूलांक 4 के लिए आर्थिक स्थितियां
अंक 4 के लिए वर्ष 2021 धन को लेकर आपके सपने पूरे करने आ रहा है। सभी इच्छाओं की पूर्ति के साथ नए अवसरों में लाभ भी देगा। लेकिन आप अधिक कर्ज़ लेकर किसी को बेवकूफ बनाने की कोशिश न करें, नहीं तो आप कर्ज़ में उलझ जाएंगे और आपकी पहचान खराब होगी। आपके लिए 2021 वर्ष शेयर बाजार और लॉटरी के लिए बहुत फायदेमंद रहेगा। वर्ष के अंत के महीनों में किसी जमीन में निवेश करना लाभदायक रहेगा या फिर आपको कहीं से पुराने किए हुए निवेश से लाभ मिलेगा।
मूलांक 4 के लिए प्रेम और वैवाहिक संबंध
अंक 4 के लिए 2021 वर्ष रिश्तों में सावधानी रखने के लिए कह रहा हैं। आपको चाहने वाला आपकी चालाकी को समझेगा और आपके दिखावे भरे प्रेम का खुलासा हो सकता हैं। अगर आप पहले से ही किसी के साथ संबंध में हैं तो किसी और के साथ नये रिश्ते बनाने की कोशिश न करें। वैवाहिक जीवन के लिए यह 2021 वर्ष बहुत इमोशनल भरा जाने वाला है, क्योंकि वर्ष की शुरुआत में आपकी वजह से ही जीवनसाथी से दूरी बन सकती है।
मूलांक 4 के लिए सेहत
अंक 4 के लिए वर्ष 2021 सेहत में उतार-चढ़ाव लाएगा, क्योंकि आप अपने खाने-पीने का ध्यान नहीं रख पाएंगे और मौसम के बदलाव को भी सह नहीं पाएंगे। यही वजह आपको सेहत में परेशान करेगी। आपको अपने छाती और गले का बहुत ही ध्यान रखना चाहिए और नशीली वस्तुओं से दूर रहना चाहिए। वर्ष मध्य में वाहन बहुत सावधानी से चलाने की सलाह दी जाती हैं, क्योंकि दुर्घटना का योग बन रहा हैं। वर्ष अंत में पेट और गले में इंफेक्शन की समस्या हो तो लापरवाही न करें।
मूलांक 5 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 5
अगर आपका जन्म किसी महीने की 5, 14 या 23 तारीख को हुआ है तो आपका मूलांक 5 होगा। अंक 5 के स्वामी बुध हैं। इस वर्ष का स्वामी भी बुध ग्रह हैं, क्योंकि 2021 का योग 5 है। आप बहुत ही समझदार और चालाक हैं। किसी से कोई काम निकालवाना हो तो आप बखूबी जानते हैं। आप अपने काम को लेकर स्वार्थी भी हो जाते हैं। आपके अंक 5 में गजब का साहस, गतिशीलता और ऊर्जा है। आप अपने व्यवहार से सभी का मन मोह लेते हैं। आपको घूमने और खाने-पीने का बहुत शौक होता है। आप एक अच्छे सेल्समैन बन सकते हैं क्योंकि आप सामने वाले को अपनी बातों से जल्दी ही मोह लेते हैं। 2021 वर्ष आपके कार्य में सफलता का सूचक बनेगा और आपके सभी रुके काम को पूरा करेगा।
मूलांक 5 के लिए करियर
अंक 5 के स्वामी बुध ग्रह हैं और वर्तमान वर्ष 2021 का जोड़ 5 होने से उसके स्वामी भी बुध हैं, जो व्यापारी लोगों की सफलता के लिए बहुत शुभ रहेगा। ये वर्ष आपके लिए बहुत लाभदायक सिद्ध होगा, क्योंकि इस वर्ष आपकी मेहनत और किस्मत दोनों आपका साथ देगी और आप नए अवसरों के साथ कामयाबी हासिल करेंगे। इस वर्ष आप कुछ नया व्यापार शुरू करना चाहते हैं तो यह साल आपको सफलता की सीढ़ियां चढ़ाने में भरपूर मदद करेगा। वर्ष 2021 विदेशी समझौतों के लिए बहुत शुभ रहेगा। अगर आप नौकरी करते हैं तो वर्ष की शुरुआत में प्रमोशन के बहुत अच्छे योग बन रहे हैं और आप अपने बॉस की नजरों में प्रशंसा के काबिल बनेंगे जो आपके लिए बेहतर भविष्य का संकेत है। अगर आपके पास नौकरी नहीं हैं तो यह वर्ष मनचाही जगह नौकरी भी दिलाएगा।
मूलांक 5 के लिए आर्थिक स्थितियां
अंक 5 के लिए 2021 का वर्ष धन के लिए लाभकारी रहेगा। इस वर्ष वेतन की वृद्धि और आय में लाभ के संकेत दे रहा है। 2021 में आपका अपना घर बनने का सपना भी पूरा होगा, अगर आप किसी भी कार्य या निवेश के लिए कर्ज लेना चाहते हैं तो आपको समय पर मिल जाएगा। अगर आपको किसी से पुराना धन वापस चाहिए तो अप्रैल के बाद रुका धन भी वापस आएगा। शेयर मार्किट में लम्बे समय के लिए निवेश करना लाभकारी रहेगा। अगर आप ज़मीन में निवेश करना चाहते हैं तो अगस्त के बाद का समय बेहतर रहेगा। इस वर्ष आप अपने घूमने और मनोरंजन में धन को खर्च करेंगे। किसी महिला की बातों में आकर अपना धन खर्च न करें। यह कदम नुकसान के साथ बदनामी का भी योग बन सकता है।
मूलांक 5 के लिए प्रेम और वैवाहिक संबंध
अंक 5 के लिए 2021 का वर्ष रिश्तों में मिठास लाएगा और नए रिश्तों के लिए भी यह वर्ष बहुत ही शुभ रहेगा। इस वर्ष आप अपने परिवार और अपने कार्य में तालमेल बैठाने का भरपूर प्रयास करेंगे। जिससे रिश्तों में सुधार आएगा। अगर आप किसी से प्रेम करते हैं तो उनके साथ भी रोमानी समय बिताएंगे जिससे आपसी प्रेम बढ़ेगा। वैवाहिक लोगों के लिए यह साल की शुरुआत कुछ खुशखबरी के साथ होगी। आप अपने जीवनसाथी के साथ इस वर्ष बाहर घूमने जा सकते हैं। मई के बाद आपका ध्यान कहीं बाहर हो सकता हैं, जिसके लिए आपको सावधान रहना चाहिए। वर्ष के अंत में जीवनसाथी के साथ मतभेद हो सकता है, लेकिन आप बहुत ही जल्दी संभाल भी लेंगे।
मूलांक 5 के लिए सेहत
अंक 5 के लिए 2021 का वर्ष सेहत के लिए पहले से बेहतर रहेगा। अगर कोई पुरानी बीमारी भी आपको परेशान करेगी तो आप लापरवाही न करें और समय रहते इलाज करवा लें, जिससे जल्दी ही बेहतर हो जाएंगे। अगर आपको त्वचा या नसों से जुड़ी कोई परेशानी हैं तो डॉक्टर से सलाह लें, जिससे समस्या का समाधान समय से ही हो जाएगा। जून के बाद आपकी लापरवाही और गलत खान-पान से गले और पेट में इंफेक्शन हो सकता हैं। जिससे तकलीफ बढ़ सकती हैं। 2021 में नवंबर और दिसंबर में पेट से जुड़ी कोई परेशानी में धन खर्च हो सकता है।
मूलांक 6 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 6
जिनका जन्म 6, 14 या 24 तारीख को हुआ है उनका मुख्य अंक 6 होता है। इस अंक के स्वामी शुक्र ग्रह होते हैं। यह सौम्य और आकृषित करने वाले ग्रह हैं। 6 अंक भौतिक सुख, सुंदरता और धन का कारक अंक है। आपका यह अंक पारिवारिक और प्रेम प्रधान है, जिससे आप सभी के साथ रहना और मिलकर काम करना पसंद करते हैं। आप बहुत जल्दी दोस्ती कर लेते हैं और उनके साथ समय बिताना बहुत पसंद हैं। आपको संगीत, कला और सुंदर वस्तुओं से प्रेम होता है। अगर आपका किसी से वाद-विवाद हो जाए तो आप बहुत संवेदनशील हो जाते हैं और अकेलापन महसूस करते हैं। आप जिससे प्रेम करते हैं अगर वह एक बार आपका दिल दुखा दे तो आपको बहुत तकलीफ होती है। अंक 6 के लिए 2021 का वर्ष मौज-मस्ती से भरा आ रहा है, लेकिन कार्य में बहुत ही संतुलन बैठाकर चलना होगा, नहीं तो आपका नुकसान हो सकता है।
मूलांक 6 के लिए करियर
अंक 6 के लिए 2021 का वर्ष सकारात्मकता भरा होगा और यह आपको सिखाएगा कि परिवार के अलावा कैसे कार्य में भी अपना समय बिताना चाहिए। व्यापार करने वालों के लिए 2021 का समय नए अवसरों के साथ आ रहा है और यह अवसर हाथ से निकलने नहीं देना है। यह वर्ष नए व्यापार के लिए उत्तम रहेगा, इसके लिए अगर आपको लोन भी लेना पड़े तो आप ले सकते हैं। इस वर्ष विदेशी कार्य के लिए बेहतर रहेंगे। नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह वर्ष प्रमोशन के द्वार खोल रहा है और बॉस की नज़रों में भी सफलता का सूचक बनेगा। 2021 में कार्य को लेकर यात्राएं होती रहेगी जिससे आपको सुखद परिणाम भी मिलेंगे। वर्ष मध्य में कार्य-क्षेत्र में साथी काम कर रहे लोगों की वज़ह से कुछ परेशानी हो सकती है, आपको इस समय में बहुत ही संंभलकर चलना होगा। अगर तबादले की सोच रहे हैं तो वर्ष अंत में तबादले के लिए अच्छा समय रहेगा, जिससे मनचाही जगह तबादला हो सकता है। यह समय नई नौकरी के लिए भी बेहतर रहेगा।
मूलांक 6 के लिए आर्थिक स्थितियां
अंक 6 के लिए 2021 का वर्ष धन के लिए शुभ रहेगा। आपका कोई भी काम धन को लेकर नहीं रुकेगा और आपके पिछले वर्ष के रुके सभी सपने इस वर्ष पूरे होंगे। इस वर्ष वेतन में वृद्धि से आपको लाभ होगा और अगर आप घर या वाहन लेने का सोच रहे हैं तो आपको धन से जुड़ी कोई कमी नहीं आएगी। आपको निवेश के लिए कर्ज लेने में भी परेशानी नहीं आएगी। यह वर्ष शेयर मार्किट के लिए बेहतर रहेगा और पुराना रुका धन भी जुलाई के बाद वापस आ सकता है। 2021 में माता-पिता से भी धन का सहयोग मिलेगा। वर्ष के अंत में आपके किसी मित्र को धन की आवश्यकता रहेगी, अगर आपने धन दिया तो वापस आने की कोई उम्मीद न करें।
मूलांक 6 के लिए प्रेम और वैवाहिक संबंध
अंक 6 वाले अपने रिश्तों को लेकर वैसे भी बहुत संवेदनशील रहते हैं, इस वर्ष भी आपका व्यवहार ऐसा ही रहेगा। आपके परिवार में आप अपने रिश्तों को लेकर कुछ असहज सा महसूस करेंगे। आप जिस से प्रेम करते हैं उनके साथ किसी कारणवश कम समय बिता पाएंगे। अगर आप अकेले हैं तो 2021 वर्ष में आप अकेले नहीं होंगे। वर्ष के शुरुआत में ही आपको मनचाहा साथी मिलेगा। वैवाहिक लोगों के लिए यह वर्ष पहले से बेहतर रहेगा, आप अपने जीवनसाथी के साथ समय बिताएंगे और सभी पुराने गिले-शिकवे इस वर्ष समाप्त हो जाएंगे। आपको अपने जीवन साथी की भावनाओं को भी समझना चाहिए और उनको भावनात्मक सहारा भी देना चाहिए।
मूलांक 6 के लिए सेहत
अंक 6 के लिए 2021 वर्ष सेहत के लिए मिलाजुला रहेगा। आप अपने कार्य के साथ-साथ अपनी सेहत का भी ध्यान रखें और अगर कुछ परेशानी आती हैं तो समय रहते डॉक्टर से सलाह अवश्य लें। अगर आपको पेट से जुड़ी कोई समस्या हैं तो लापरवाही न बरतें। अपने खाने पीने का ख्याल रखें।
मूलांक 7 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 7
जिनका जन्म 7, 16, 25 की तारीख को हुआ है उनका मूलांक 7 होता है। अंक 7 के स्वामी ग्रह केतु होते हैं। 7 अंक वाले दार्शनिक और चिंतक स्वभाव के होते हैं। ऐसे लोग किसी न किसी तरह के शोध में ही लगे रहते हैं और ये जीवन में आध्यात्मिक खोज की तलाश में रहते हैं। इनके अंदर पूर्वाभास की अद्धभुत क्षमता होती हैं और इनके पास दिव्य शक्ति भी होती है। ऐसे लोग एक बार किसी साधना में लीन हो जाएं तो बहुत ही गहरी खोज में निकल जाते हैं। 7 अंक के लिए 2021 वर्ष यानि 5 अंक का वर्ष जिसके स्वामी बुध ग्रह हैं, वह कार्य के साथ परिवार में भी तालमेल बैठाने में मदद करेंगे। 7 अंक वाले इस वर्ष अपने कार्य में सफलता की ओर कदम रखेंगे और नए अवसरों के साथ आगे बढ़ेंगे।
मूलांक 7 के लिए करियर
अंक 7 के लिए 2021 वर्ष कार्य को लेकर नये अवसर लाएगा, जिससे ये लोग इस वर्ष कार्य को लगन के साथ करेंगे। आपको मार्च के महीने से नई डील और प्रोजेक्ट मिलेंगे। नौकरी कर रहे लोगों के लिए इस वर्ष प्रमोशन के बहुत अच्छे आसार बन रहे हैं। आप अपनी मेहनत को बॉस के सामने लाने में सक्षम हो पाएंगे। जिनके पास नौकरी नहीं हैं, उन्हें मनचाही जगह नौकरी मिलेगी और जो लोग बदलाव के बारे में सोच रहे हैं, उन्हें अप्रैल से पहले अच्छे अवसर मिलेंगे। वर्ष के अन्त में तबादले के योग भी बन रहे हैं, जो आपके लिए बेहतर होगा।
मूलांक 7 के लिए आर्थिक स्थितियां
अंक 7 के लिए 2021 धन को लेकर अच्छा जाएगा। इस वर्ष आप अपने धन को निवेश करने में सफलता हासिल करेंगे। अगर आप शेयर बाजार में रुचि रखते हैं, तो यह वर्ष अच्छा लाभ देकर जाएगा, लेकिन आप मई से अगस्त के मध्य किसी भी निवेश में सावधानी बरतें। मई से पहले का समय आपके लिए कर्ज़ लेने के लिए भी लाभदायक रहेगा। अगर आपको किसी से धन लेना हैं, तो इस वर्ष आप बहुत समझदारी से धन निकालने में माहिर हो सकते हैं। अगस्त के बाद किसी के पास अचानक धन फंस सकता हैं, लेन-देन में सावधानी रखें। वर्ष के अंत में किसी जमीन के निवेश में धन लगा सकते हैं और अपना घर लेने के भी अच्छे योग हैं।
मूलांक 7 के लिए प्रेम और वैवाहिक संबंध
अंक 7 के लिए 2021 वर्ष रिश्तों के मामले में मिठास भरा रहेगा। इस वर्ष आप अपने काम के साथ अपने परिवार की अहमियत को भी समझेंगे। उनके साथ बाहर घूमने में भी अपना समय बिताएंगे। आप जिससे प्रेम करते हैं उनके साथ अपने प्रेम का इज़हार बहुत ही रोमानी अंदाज़ में करेंगे। अगर आप अकेले हैं तो इस वर्ष 2021 में आप अकेले नहीं रहेंगे। आपके जीवन में मनचाहा साथी आएगा। वैवाहित लोगों के लिए 2021 वर्ष पुराने गिले-शिकवे मिटाने आ रहा है। आप अपने जीवनसाथी के साथ भावनात्मक रिश्ते के साथ उनसे साहनुभूति भी रखेंगे, जिससे इस वर्ष आपके रिश्ते और प्रेम में निखार आएगा।
मूलांक 7 के लिए सेहत
अंक 7 के लिए वर्ष 2021 सेहत के हिसाब से बेहतर जाएगा और आप अपने स्वास्थ्य को लेकर बहुत ही सावधान रहेंगे। अगर आप सितंबर के बाद कहीं बाहर जाने की योजना बनाते हैं तो वाहन बहुत सावधानी से चलाएं ।
मूलांक 8 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 8
अगर आपका जन्म 8, 17 या 26 तारीख को हुआ है तो आपका मुख्य अंक 8 है, जिसके स्वामी न्यायकारक शनि ग्रह हैं। ऐसे लोगों का जीवन अधिकतर संघर्ष भरा रहता है और ये लोग बहुत महत्वकांक्षी होते हैं। अपनी कामयाबी और धन कमाने के लिए दिन-रात एक कर देते हैं, जिसके लिए ये लोग अपने परिवार वालों को भी कम समय ही दे पाते हैं। 8 अंक वाले लोग बहुत अच्छे व्यवसायी होते हैं जिसके लिए इनका दिमाग बहुत ही तेज चलता हैं। ये लोग अपने प्रयास से जीवन की बहुत सी ऊंचाइयों को प्राप्ति कर लेते हैं। इनके बहुत ऊंचे सपने होते हैं। धन कमाना और धन को खर्च करना इन्हें खूब आता हैं। अंक 8 के लिए 2021 का वर्ष बहुत ही बेहतर जाने वाला है। 2021 का वर्ष आपके लिए धन को लेकर भी बहुत लाभदायक जाएगा।
मूलांक 8 के लिए करियर
अंक 8 के लिए 2021 का वर्ष कार्य के लिए नए-नए अवसरों में लाभ के साथ कामयाबी ला रहा है। जिसमें आपके पिछले वर्ष के अधूरे सपने पूरे करेंगे और आप अपनी एक नई पहचान बनाएंगे। यह वर्ष नये व्यवसाय के लिए सुनहरे अवसरों के साथ लाभ के भी दरवाजे खोल रहा है। अगर आप बाहरी कम्पनी के साथ अपने कॉन्टेक्टस बनाना चाहते हैं तो यह वर्ष आपकी मदद करेगा और आपकी मनचाही डील को कामयाब बनायेगा। जो लोग नौकरी करते हैं, उनके लिए इस वर्ष मेहनत बहुत बढ़ जाएगी क्योंकि आप अपने काम के साथ अपने घूमने का भी प्लान करेंगे जिससे काम में ध्यान कम देने की वज़ह से बॉस और सीनियर की नज़रों में आएंगे, इसलिए काम में अधिक ध्यान देने की कोशिश करे। नई नौकरी की तलाश भी इस वर्ष पूरी होगी।
मूलांक 8 के लिए आर्थिक स्थितियां
2021 धन के लिए आपके सपने पूरे करने आ रहा है, लेकिन आपको धन खर्च करने के साथ बचत की तरफ भी ध्यान देना, नहीं तो इस वर्ष के अंत में जेब खाली हो जाएगी। अगर आप शेयर मार्किट में धन निवेश करना चाहते हैं तो अप्रैल तक का समय बेहतर रहेगा और अगस्त के बाद का समय फायदेमंद रहेगा। वर्ष के मध्य में ज़मीन के लेन-देन से भी बचें। वर्ष अंत का समय नये कार्य में धन लगाने के लिए बेहतर रहेगा लेकिन किसी महिला मित्र के साथ काम करने से बचे और ना ही धन देने का कोई वादा करें।
मूलांक 8 के लिए प्रेम और वैवाहिक संबंध
2021 का वर्ष रिश्तों के लिए बहुत ही सावधानी से चलने का होगा क्योंकि आप अपने काम और धन कमाने में इतना व्यस्त हो जाएंगे, जिससे अपने प्रेमी और परिवार को अधिक समय ही नहीं दे पाएंगे। आप जिससे प्रेम करते हैं, उनकी भावनाओं को भी समझने की कोशिश करें और उनके साथ किसी तरह का छल न करें। अगर आप का अभी-अभी किसी के साथ अलगाव हुआ है तो आपके जीवन में वापस इस वर्ष शुरुआत में एक नया साथी दस्तक देगा। वैवाहित लोगों के लिए यह वर्ष कुछ खट्टा-मीठा रहेगा।
मूलांक 8 के लिए सेहत
अंक 8 के लिए 2021 का वर्ष मानसिक तनाव के साथ शुरू होगा क्योंकि आप अपने काम में अधिक व्यस्त होने की वज़ह से अपनी सेहत का ध्यान नहीं दे पाएंगे। अगर दोस्तों के साथ बाहर घूमने जाने की योजना बन रहे हैं तो अपने खाने-पीने का बहुत ध्यान रखें और पेट में इंफेक्शन होने से खुद को बचा कर रखें। जून के बाद अचानक सिर व आंखों में दर्द होने की वज़ह से काम में मन नहीं लगेगा।
मूलांक 9 और अंक ज्योतिष भविष्यफल 2021
मूलांक 9
अगर आपका जन्म 9, 18 और 27 तारीख को हुआ है तो आपका मूलांक 9 आता है। जिसके स्वामी मंगल ग्रह हैं। यह ग्रह बहुत ही ऊर्जावान हैं। ऐसे जातक हमेशा आगे बढ़कर ऊंचाइयों को छूना चाहता हैं और अपनी सोच और मेहनत के बल पर सभी कठिनाइयों को पार करते हैं। ऐसे लोग हमेशा कुछ नया कर दिखाने में तत्पर रहते हैं। ऐसे लोग अपना प्यार पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, क्योंकि ये लोग जानते हैं कि जैसे हम प्यार करते हैं सामने वाले से वैसे ही प्यार पाना है। ऐसे लोग नौकरी करना कम ही पसंद करते हैं और अपने काम जैसे कला, संगीत और अभिनय में ही रुचि लेते हैं। ये लोग अच्छे समाजसेवी भी होते हैं। अंक 9 के लिए 2021 का वर्ष कार्य में बहुत संघर्ष दिखा रहा है, जिससे इस वर्ष इनको अधिक मेहनत के साथ ही आगे बढ़ना होगा। तभी ये लोग सफलता की उम्मीद कर पाएंगे।
मूलांक 9 के लिए करियर
अंक 9 वाले इस वर्ष अपने कार्य में संघर्ष होने से शीघ्र क्रोधित हो जाएंगे और अपनी ही गलती से अपना काम बिगाड़ भी सकते हैं। इस वर्ष इनको कुछ नया करने का अवसर भी प्राप्त होगा जिसमे ये वर्ष 2021 इनकी पूरी मदद भी करेगा। जुलाई के बाद इनको नया प्रोजेक्ट मिलेगा। जो लोग नौकरी भी करते हैं उनके लिए यह वर्ष नई नौकरी में मनचाही आय के साथ ऑफर लाएगा और जो लोग पहले से ही नौकरी करते हैं, उनके लिए मार्च के बाद प्रमोशन के अवसर प्राप्त होंगे। अगस्त के बाद अचानक बॉस से रिश्ते में कुछ खटास हो सकती है, जिसका कारण आपके साथ काम कर रहे लोगों की आपकी पीठ पीछे चल रही राज़नीति हो सकती हैं, इसलिए इस बात को लेकर सावधान रहें।
मूलांक 9 के लिए आर्थिक स्थितियां
अंक 9 के लिए वर्ष 2021 धन के मामले में बेहतर ही रहेगा, लेकिन किसी की बातों में आकर किसी के साथ धन के लेन-देन की बात नहीं करें, नहीं तो नुकसान आपका ही होगा। अगर आप कर्ज़ ले कर कोई काम करना चाहते हैं तो मई से सितम्बर तक के माह में न लें। अगर आपको किसी से अपना पैसा लेना हैं तो अगस्त के बाद का समय बेहतर रहेगा। जो लोग शेयर बाजार में रुचि रखते हैं, उनके लिए यह वर्ष सफलता लेकर आ रहा है। जमीन में निवेश के लिए भी जून तक का समय ही बेहतर रहेगा। आपके वेतन बढ़ने से इस वर्ष आपके बहुत से रुके काम भी पूरे होंगे और आप अपनी इच्छाओं को भी पूरा करेंगे। वर्ष के अंत में पिता से मिलने वाली सम्पत्ति से भी आपको फायदा होगा।
मूलांक 9 के लिए प्रेम और वैवाहिक संबंध
अंक 9 के लिए 2021 का वर्ष बेहतर रहेगा क्योंकि आप वैसे ही अपने परिवार के लिए हमेशा कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। इस वर्ष आपको अपने परिवार में किसी सदस्य से खुशखबरी मिलेगी जिससे आप घर में एक छोटी सी पार्टी का आयोजन भी करेंगे। आप जिससे प्रेम करते हैं उनके साथ आपका समय रोमानी जाएगा और आप उनके साथ लांग-ड्राइव पर कुछ दिन बाहर बिताने भी जाएंगे, जिससे आपका रिश्ता और भी मधुर होगा। अगर आप अकेले हैं तो आपको किसी पार्टी या अपने कार्य स्थल पर मनचाहा साथी मिलेगा। वैवाहिक लोगों के लिए यह वर्ष जीवन साथी के साथ संबंधों को मधुर बनाने आ रहा हैं। वर्ष मध्य में आप अपने साथी के कार्य में भी हाथ बटाएंगे और भावनात्मक उनका साथ भी देंगे।
मूलांक 9 के लिए सेहत
अंक 9 के लिए वर्ष 2021 सेहत के हिसाब से अपने ऊपर ध्यान से चलने का होगा और आपको अपने खाने-पीने के साथ मौसम का भी ध्यान रखना होगा क्योंकि इस वर्ष एक बार सेहत बिगड़ी तो परेशानी बढ़ जाएगी। अगर आपके पैरों या खून में कोई परेशानी हैं तो आपको बहुत ही सावधानी रखनी होगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Astrology News in Hindi related to daily horoscope, tarot readings, aaj ka rashifal, birth chart report in Hindi etc. Stay updated with us for all breaking news from Astro, vastu shastra and more news in Hindi.