काशीपुर। जूना अखाड़ा गाजियाबाद के बाबा कान के इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सक नहीं मिलने पर उन्होंने हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराकर आक्रोश व्यक्त किया। बाबा यती रामस्वरूपा नंद गिरी ने बताया कि 24 सितंबर को उन्होंने पर्चा बनवाकर एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में ईएनटी विभाग में दिखाया था। चिकित्सक ने जांच के बाद कान के ऑपरेशन की बात बताते हुए पांच दिन दवा खाने की सलाह दी थी। बाबा के अनुसार दवा खाने के बाद मंगलवार को वह अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सक का कक्ष बंद मिला। बुधवार को फिर अस्पताल पहुंचने पर भी कक्ष बंद मिला। इस पर उन्होंने करणी सेना के पदाधिकारियों को फोन पर सूचना दी। सूचना पर संगठन के प्रदेश मंत्री शिवम ठाकुर और सह मंत्री राजा प्रजापति अस्पताल पहुंचे। बाबा ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में चिकित्सक नहीं हैं। यदि दो दिन में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं ईएनटी चिकित्सक डॉ. प्रियांक चौहान ने बताया कि इन दिनों बहुउद्देशीय शिविर चल रहे हैं, जिसके चलते दो दिन से उनकी ड्यूटी शिविर में लगी हुई है।