टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए 28 नवंबर को मॉक ड्रिल की गई। सुबह 10:45 बजे आपदा नियंत्रण कक्ष, टिहरी से 1000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम तत्काल सक्रिय हुई और विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अनाउंसमेंट के जरिए उन्हें खाली करवाया। नदी किनारे रहने वाले लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने और जरूरी सामान साथ ले जाने के लिए सूचित किया गया। इस दौरान तेज बहाव के कारण नदी में फंसे पांच लोगों को मोटर बोट और मैनुअल तरीके से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटनाक्रम में तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि दो को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। मॉक ड्रिल के दौरान मुनिकीरेती पुलिस, एसडीआरएफ, आपदा राहत दल, जल पुलिस, नगर पालिका और मेडिकल टीम मौके पर मौजूद रही। सभी टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों में भाग लिया।