फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रसंघ चुनाव: प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत, वादों की लगी झड़ी; 5318 मतदाता चुनेंगे डीएसबी परिसर का अध्यक्ष

नैनीताल डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए सोमवार को आम सभा हुई। इस दौरान उम्मीदवारों ने छात्र-छात्राओं के सामने अपनी दावेदारी पेश की और कई वादे किए। मंगलवार (आज) को 5318 मतदाता छात्रसंघ के लिए मतदान करेंगे। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह चौहान ने परिसर को वाई-फाई बनाने, शुभम कुमार ने लाइब्रेरी में आधुनिक किताबों की संख्या बढ़ाने और हिमांशु आर्या ने छात्रों की समस्याओं के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन शुरू करने का वादा किया। छात्र उपाध्यक्ष पद के दावेदार अभिषेक रैकूनी ने खेलकूद सुविधाओं का विस्तार, छात्रा उपाध्यक्ष पद की प्रत्याशी कुमकुम जोशी ने परिसर में छात्राओं की सुरक्षा व नए कॉमन रूम के निर्माण का संकल्प लिया। इनके अलावा सचिव पद के उम्मीदवार कमल कार्की, सांस्कृतिक सचिव पद के दावेदार हर्षित जोशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के प्रत्याशी तन्मय भंडारी ने विचार रखे। आरक्षित पदों में संयुक्त सचिव प्रत्याशी अनुष्का पुरी ने छात्राओं के लिए कौशल विकास कार्यशालाएं शुरू करने और गौरी ने छात्राओं के लिए चिकित्सा सुविधाओं में सुधार का वादा किया। कोषाध्यक्ष पद की उम्मीदवार विदुषी वर्मा ने छात्रसंघ फंड के पारदर्शी बजट और सृष्टि रावत ने जरूरतमंद छात्रों की मदद करने की बात कही। इनके अलावा संकाय प्रतिनिधियों में कला से अनिल कुमार, वाणिज्य से संध्या कापड़ी, विधि से दिव्यांशी कौशल व प्रबंध अध्ययन से सानिध्य उप्रेती ने छात्रहित में काम करने का वादा किया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण संजय पंत और मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार आर्या की देखरेख में चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस मौके पर प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एचसीएस बिष्ट, सीओ अंजना नेगी, कोतवाल राजेंद्र रावत, एसआई सुनील आदि मौजूद रहे। लिंगदोह समिति के नियमों की उड़ी धज्जियां डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव के दौरान लिंगदोह समिति के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ीं। नियमों को ताक पर रखकर छात्र नेताओं ने परिसर बैनर, पोस्टर और पंपलेट से पाट दिया। प्रिंटेड विज्ञापनों पर पाबंदी के बावजूद पूरे परिसर में पोस्टर चिपकाए गए। कॉलेज प्रशासन और पुलिस की दी गई चेतावनियों का कोई असर नहीं दिखा और नियमों का उल्लंघन कर प्रचार किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें