चमोली जिले के गौचर में सात दिवसीय 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का आगाज हो गया है। मेले के पहले दिन इष्ट रावल देवता की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद नगर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली और मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। मेला अधिकारी अलकेश नौडियाल ने झंडारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। मेले का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। प्रशासन ने आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सात दिनों तक चलने वाले मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। मेला अधिकारी के मुताबिक, देश-विदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही नवाचार और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।