विकासखंड पोखरी के ग्रामीण क्षेत्रों में भालू द्वारा लगातार गौशालाओं को तोड़कर मवेशियों को मारने तथा बंदरों, लंगूरों और जंगली सूअरों के आतंक से त्रस्त क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं वन विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। आक्रोशित ग्रामीणों ने डामर से विनायकधार तिराहे होते हुए पेट्रोल पंप तक जुलूस निकालकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने वन अधिनियम में संशोधन कर क्षेत्रीय जनता को हिंसक भालू और अन्य जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।जुलूस विनायकधार पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गया। जनसभा को संबोधित करते हुए किमोठा के ग्राम प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा, पूर्व प्रमुख प्रीती भंडारी, एडवोकेट श्रवण सती सहित तमाम वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में हिंसक भालू लगातार गौशालाओं को तोड़कर मवेशियों को निशाना बना रहे हैं, जिससे पशुपालकों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं, बंदरों, लंगूरों और जंगली सूअरों ने ग्रामीणों की खेती-बाड़ी को पूरी तरह चौपट कर दिया है। जंगली जानवरों के आतंक के चलते पहाड़ों में लोगों ने खेती करना छोड़ दिया है। बड़ी संख्या में खेत-खलिहान बंजर पड़े हैं और ग्रामीण रोजी-रोटी की तलाश में मैदानी क्षेत्रों की ओर पलायन कर रहे हैं।