संस्कृति संसद में चल रहे जेन-जी कॉन्क्लेव के दूसरे दिन ''यूथ लीडरशिप: वॉयस टू एक्शन'' विषय पर युवाओं की भूमिका और नेतृत्व क्षमता पर चर्चा हुई। पश्चिम बंगाल के युवा विधायक संतु पान, टाटा पावर के सोशल इम्पैक्ट ग्रुप के चीफ एवं चीफ एथिक्स काउंसलर भारत छाबड़ा, आईआईटी बीएचयू के पूर्व छात्र बृजेश मानव, कवि डाॅ. शिव प्रकाश साहित्य ने विचार रखे। संतु पान ने कहा कि अक्सर जेन-जी को आलसी और स्मार्टफोन में व्यस्त रहने वाली पीढ़ी कहा जाता है, लेकिन उनका मानना है कि आज का युवा नई सोच रखने वाला और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। कहा कि युवाओं को सरकार से जवाब मांगने का अधिकार है। भारत छाबड़ा ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण बेहद जरूरी हैं। बच्चों को अपने व्यक्तित्व को बेहतर बनाने, सही सोच विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने पर ध्यान देना चाहिए। श्रीवेश कुमार ने कहा कि 'जेन-जी' जैसा शब्द युवाओं को अलग पहचान देने के बजाय उन्हें पीढ़ियों के आधार पर बांटने का माध्यम बन रहा है। पहले समाज को धर्म, जाति और लिंग के आधार पर बांटने की कोशिश हो रही है, जो गलत है। अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि युवाओं को आधुनिक होने का मतलब केवल आधुनिक कपड़े पहनना नहीं, बल्कि विचारों का आधुनिक होना है। युवाओं को अपनी संस्कृति और जड़ों से हमेशा जुड़े रहना चाहिए।