धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भोर होते ही गंगा के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ, बाबा कालभैरव और मां अन्नपूर्णा के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।