नवंबर में ठंड बढ़ने के साथ ही काशी में विदेशी मेहमानों यानी प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। गंगा की लहरों पर अठखेलियां करते पक्षी घाटों की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। पर्यटक नौका विहार के दौरान इन पक्षियों को दाना खिलाकर आनंदित हो रहे हैं। अक्टूबर से जनवरी तक ये प्रवासी पक्षी काशी, प्रयागराज और अयोध्या सहित गंगा व सरयू नदी के किनारे पहुंचते हैं। साइबेरिया जैसे ठंडे क्षेत्रों में जलस्रोत जमने और प्रतिकूल मौसम के कारण ये पक्षी भोजन और अनुकूल वातावरण की तलाश में भारत आते हैं।