अखंडनगर। जौनपुर के युवक की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने के अगले दिन मंगलवार सुबह उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के बाधगांव निवासी दिलीप चौहान (30) सोमवार शाम अपने दोस्त अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू के साथ अखंडनगर के सबैली गांव के पास गए थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले शराब की बोतलें तोड़कर और फिर चाकुओं से वार कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। अनिल को अखंडनगर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद मंगलवार सुबह दिलीप की पत्नी अनीता (28) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। मृतक के पिता नरेंद्र बहादुर चौहान की तहरीर पर पुलिस ने शिवम चौहान, शिवम, आरोप, शुभम, अवनीश समेत पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना निरीक्षक धीरेंद्र कुमार वर्मा कर रहे हैं। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि अनीता को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। दिलीप के शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।