फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुल्तानपुर में एक साल का बच्चा अगवा कर 50 हजार में बेचा, पुलिस ने किया बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार

सुल्तानपुर में कादीपुर रोडवेज बस स्टैंड के बाहर से अगवा किए गए एक वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरण कर बच्चे को बेचने के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बच्चे का सौदा 50 हजार रुपये में किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोरगहना निवासी रूबीना पत्नी रोशन सात नवंबर को अपने एक वर्षीय बेटे तौफीक के साथ कादीपुर आई थीं। रोडवेज बस स्टैंड के बाहर वह बेटे को अपनी करीब आठ वर्षीय बेटी के पास छोड़कर पानी लेने चली गईं। वापस लौटीं तो तौफीक गायब था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इस पर उन्होंने कादीपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर पुलिस और सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान ऊषा पत्नी सीताराम को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मगरावां गांव स्थित साजिद कार वॉशिंग सेंटर के पास दबिश देकर जितेंद्र को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि ऊषा ने पांच नवंबर को पटेल चौराहे से एक बच्ची को बहलाकर उसकी गोद में मौजूद तौफीक को ले लिया था। इसके बाद बच्चे को कादीपुर खुर्द निवासी जितेंद्र को 50 हजार रुपये में बेच दिया। जितेंद्र बच्चे को बेचने के लिए मुंबई तक ले गया था, लेकिन सौदा तय नहीं होने पर वापस लौट आया। पुलिस के अनुसार, वह दोबारा बच्चे को बेचने की कोशिश में था। पुलिस ने प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 143 और 145 की बढ़ोतरी की है। आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें