सोनभद्र। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। घरों की सजावट और पूजन सामग्री के साथ पटाखों की खरीदारी भी जोर पकड़ने लगी है। जिला मुख्यालय स्थित डायट परिसर में सजे पटाखा बाजार में धनतेरस से ही खरीदारों की चहल-पहल बनी हुई है। शनिवार को भी बच्चों, युवाओं और परिवारों ने अपनी पसंद के पटाखों की खरीदारी की। बाजार में 10 रुपये की फुलझड़ी से लेकर 6500 रुपये तक के पटाखे उपलब्ध हैं। 12 क्लस्टर में लगाई गईं दुकानें दीपावली को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस वर्ष जिले में 12 स्थानों पर पटाखा दुकानों के लिए क्लस्टर निर्धारित किए हैं। प्रशासन की अनुमति के बाद इन स्थानों पर दुकानें लगाई गई हैं। अग्निशमन विभाग की ओर से करीब 200 दुकानदारों को पटाखा बिक्री के लिए अधिकृत किया गया है। डायट परिसर में भी अलग-अलग दुकानों पर पटाखों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। 10 रुपये से लेकर 6500 रुपये तक के पटाखे डायट परिसर में दुकान लगाने वाले चंदन केशरी ने बताया कि उनकी दुकान पर अनार, चकरी, फुलझड़ी, रंगीन फुलझड़ी, पेंसिल पटाखा, रॉकेट, स्काई शॉट, मल्टी शॉट और लड़ी समेत कई तरह के पटाखे उपलब्ध हैं। छोटे पैकेट की कीमत कम होने से बच्चे और परिवार भी अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। उनकी दुकान पर 50 से लेकर 6000 रुपये तक के पटाखे हैं।