रॉबर्ट्सगंज के इमरती कॉलोनी स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुजारी विवेक मिश्रा ने प्रतिमा को सजाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और अनंत देव की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार अनंत सूत्र धारण किया। मंदिर परिसर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। सायंकाल श्रद्धालु महिलाओं की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।