सोनभद्र कलेक्ट्रेट में सोमवार को रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र के काजियारी गांव के किसानों ने डीएम को पत्र देकर नगवां बांध में अत्यधिक जल संचयन से भूमि और धान की फसल को हुए नुकसान की जांच कराने की मांग की। किसानों ने गांव में चौपाल लगाकर मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि पहले बांध की ऊंचाई 45 फीट थी, जिसे बढ़ाकर 66 फीट किए जाने के बाद जलभराव की समस्या बढ़ गई है। तीन वर्षों से बांध में अधिक पानी जमा होने के कारण उनकी कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। इस वर्ष भी धान की फसल नष्ट होने से किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने नुकसान को देखते हुए अन्यत्र कृषि योग्य भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों के अनुसार पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस मौके पर जोखन, संतलाल, विनोद, नारसिंह, रामानंद, विद्यासागर, मनोज, लालबिहारी आदि शामिल रहे।