सीतापुर। तंबौर में रिहार स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह करीब छह बजे पिकअप की टक्कर से बाइक सवार यशपाल व उसकी दो बहनें सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का कारण घना कोहरा और धुंध बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार देवपालपुर गांव निवासी यशपाल (22) अपनी बहनों पूजा देवी (23) और गायत्री देवी (18) के साथ हरियाणा में रहकर नौकरी करते थे। रविवार सुबह तीनों वापस लहरपुर आए थे। यहां से उन्हें लेने गांव के दो लोग अलग-अलग बाइकों से पहुंचे थे। लहरपुर से यशपाल अपनी दोनों बहनों को एक ही बाइक पर बैठाकर गांव जा रहे थे। रिहार स्थित गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप के पास घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ईंटों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के समय बाइक सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सीओ लहरपुर अभिषेक, थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ आ गए। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों को हटवाकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।