सीतापुर। मौसमी सब्जियों व फलों से भरे सूप सिर पर उठाए घाट की ओर जाती महिलाएं। दीपों और गन्नों की ढेरियों से सुशोभित वेदियां, छठ मइया के गूंजते गीत और कमर भर पानी में खड़े होकर अर्घ्य देती व्रती महिलाएं। यह अलौकिक नजारा रविवार को छठ पूजा के दौरान जिले में नदी के घाटों व तालाबों के किनारे दिखा। घाटों पर आस्था, विश्वास व परंपरा की त्रिवेणी बह उठी। अगले दिन जल्द उगने की कामना से शहर के गोल्फ ग्राउंड स्थित तालाब, 27वीं वाहिनी पीएसी, ताड़कनाथ मंदिर के पास सरायन नदी घाट समेत तालाब व नदी के तट पर अस्त होते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को पकवान भी अर्पित किए। छठ गीतों से विभिन्न घाट गूंज उठे। व्रती महिलाएं सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगी। इसके साथ ही लोकआस्था के महापर्व का समापन होगा।