यूपी के सीतापुर में बुधवार दोपहर खेत में पिता को पानी देने जा रहे गंगाराम (12) की मौत हो गई। हादसे में पास मौजूद एक अन्य महिला भी झुलस गईं। उनकी हालत गम्भीर है। घटना मिश्रिख क्षेत्र के इमलिया गांव की है। गांव निवासी मन्नी का पुत्र उन्हें खेत में भोजन पानी देने जा रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज बारिश के साथ गरज चमक शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए खेतों में काम कर रहे लोग पेड़ और झोपड़ी के पास जाने लगे। तभी बिजली गंगाराम पर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में झुलसी महिला को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। महमूदपुर निवासी 55 वर्षीय माया देवी की हालत गंभीर है। मन्नी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके चार बच्चों में गंगाराम भी शामिल था। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है। सूचना पर क्राइम इंस्पेक्टर श्याम दास वर्मा और चौकी इंचार्ज शिवकुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसील प्रशासन के लेखपाल और कानूनगो ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और दैवीय आपदा राहत सहायता की प्रक्रिया के लिए जानकारी जुटाई।