सीतापुर में यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की कवायद तेज है। पहले चरण में कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने की चर्चा के बीच सीतापुर सांसद राकेश राठौर के बयानों में सीट बंटवारे को लेकर नाराजगी के साथ ही कांग्रेस की बदलती चुनावी रणनीति पर तंज भी साफ नजर आया। सांसद राकेश राठौर ने दो टूक कहा कि गठबंधन और सीटों के बंटवारे का फैसला बड़े और अनुभवी नेता कर रहे हैं, लेकिन उन्हें इस पूरी प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। जिले की सीटों को लेकर न तो उनसे कोई राय मांगी गई और न ही कोई प्रस्ताव लिया गया। उन्होंने कहा कि जब उनसे पूछा ही नहीं गया तो वह अपनी तरफ से प्रस्ताव किसे और कैसे देते? कांग्रेस की चुनावी तैयारियों पर राकेश राठौर ने कहा कि पार्टी के प्रभारी ने पहले 200 प्लस सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया था, लेकिन अब इससे कम सीटों की बात सुनने को मिल रही है। हांलाकि उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी तैयारियों के मुताबिक चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।