शामली। चौसाना के झिंझाना थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में 13 नवंबर की रात चोरों ने करीब 10 किसानों के ट्यूबवेलों के केबल काट लिए थे। केबल चोरी होने से ट्यूबवेल बंद पड़े हैं और खेतों में सिंचाई प्रभावित हो रही है। लगातार हो रही चोरी से परेशान किसानों ने अब चोरों से ही गुहार लगाई है। किसान कंवरपाल सिंह का चोरों से अपील करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कंवरपाल सिंह ने वीडियो में कहा कि चोर केबल को बोरिंग के बिल्कुल पास से काटकर ले जाते हैं। इससे बोरिंग बाहर निकलवानी पड़ती है और दोबारा केबल जुड़वाने के लिए मिस्त्री बुलाना पड़ता है। इसमें हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च आता है। उन्होंने चोरों से अपील की कि पैसों की जरूरत है तो 100-200 रुपये ले लो, लेकिन केबल बोरिंग से एक फुट दूर छोड़कर काटना। किसान सरदार सिंह ने बताया कि उनके ट्यूबवेल से करीब 70 फुट केबल चोरी हुई है। पड़ोसी किसान कृष्णपाल की भी इतनी ही केबल चोरी हुई। किसानों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों पर कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी बिडौली चौकी उपनिरीक्षक ओमवीर सिरोही ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।