शाहजहांपुर में गौर हरि सिंह सिंघानिया क्रिकेट टूर्नामेंट में पीलीभीत वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन ने शाहजहांपुर वेटरन्स की टीम को दो विकेट से हरा दिया। पीलीभीत की जीत में गुरुसेवक सिंह की 54 रन की पारी और जगदीश सक्सेना की धारदार गेंदबाजी अहम रही। ओसीएफ के मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शाहजहांपुर वेटरन्स की टीम 14.2 ओवर में 72 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अनुज गुप्ता ने 29 और इरफान ने 11 रन बनाए। पीलीभीत के गेंदबाज जगदीश सक्सेना ने चार विकेट लिए, जबकि प्रफुल्ल दीक्षित और मनोज ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीलीभीत की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज प्रफुल्ल दीक्षित और कुलदीप शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद गुरुसेवक सिंह ने 54 रन की संयमित पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। शाहजहांपुर की ओर से अनुज गुप्ता ने तीन विकेट लिए, जबकि इरफान खान और मनोज यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए। मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए जगदीश सक्सेना को मैन ऑफ द मैच चुना गया। गुरुसेवक सिंह सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और शाहजहांपुर के अनुज गुप्ता सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। अध्यक्ष नूर आलम और सचिव मसूद कमाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर शमीम आजाद, पैट्रिक दास, नवीन विक्रम, पंकज तिवारी आदि मौजूद रहे।