शाहजहांपुर में बेसिक शिक्षा परिषद के परिषदीय स्कूलों में मंगलवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। पहले दिन स्कूलों में निर्धारित समय सारिणी के अनुसार विभिन्न विषयों की परीक्षाएं कराई गईं। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। मंगलवार को कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा हुई। पहली पाली में कक्षा दो व तीन की गणित, कक्षा चार से छह तक की हिंदी और कक्षा सात व आठ की विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई। दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों की संस्कृत और उर्दू की परीक्षा कराई गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, कक्षा दो से पांच तक 1,53,318 और कक्षा छह से आठ तक 99,914 विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी दिनों में भी तय समय सारिणी के अनुसार परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।