शाहजहांपुर में भाई दूज पर बुधवार को भाइयों के माथे पर तिलक लगाने के लिए निकली बहनों को सफर में खासी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में चढ़ने के लिए मारामारी रही तो बस अड्डे पर बसों का लंबा इंतजार करना पड़ा। भीड़ के आगे रेलवे और परिवहन निगम के इंतजाम नाकाफी साबित हुए। बसों की लिए बहनों को घंटों इंतजार करना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ जुटने लगी थी। दोपहर में त्रिवेणी एक्सप्रेस व राजरानी एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। जनरल कोच में जगह पाने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। महिलाओं और बच्चों के साथ सफर कर रही बहनों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई यात्रियों को ट्रेन में खड़े होकर सफर करना पड़ा। उधर, रोडवेज बस अड्डे पर भी यात्रियों की भीड़ लगी रही। बसों के इंतजार में बहनें अपने सामान और बच्चों के साथ परेशान होती नजर आईं। बस आते ही सीट पाने के लिए यात्रियों में होड़ लग गई। त्योहार पर घर पहुंचने की जल्दबाजी में बहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। परिवहन निगम की तैयारियां भीड़ के आगे कम पड़ती दिखाई दीं। इसके बावजूद बहनों ने मुश्किलों का सामना करते हुए भाइयों तक पहुंचकर भाईदूज का त्योहार मनाया।