गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज में सोमवार को अंतर महाविद्यालयी पुरुष वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबला वर्धमान कॉलेज बिजनौर और मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी के बीच खेला गया। इसमें मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी की टीम ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को शील्ड एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला जेएस कॉलेज अमरोहा और अब्दुल रज्जाक कॉलेज के बीच हुआ, जिसमें जेएस कॉलेज अमरोहा ने 46-16 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में विवेकानंद कॉलेज दरवाड़ा और मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी की टीमें आमने-सामने रहीं। इसमें मेजबान कॉलेज की टीम ने 42-30 से जीत हासिल की। तीसरे मुकाबले में वर्धमान कॉलेज बिजनौर ने जेएसएच कॉलेज अमरोहा को 26-9 से पराजित किया। चौथे मुकाबले में वर्धमान कॉलेज बिजनौर ने अब्दुल रजाक कॉलेज को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। आयोजन महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी ज्ञान सिंह के निर्देशन में हुआ। शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजकुमार गोयल ने किया।