चंदौसी। राजकीय पॉलीटेक्निक में शनिवार को विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित की गईं। परीक्षा के दौरान बोर्ड द्वारा आवंटित उड़नदस्ते ने केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उड़नदस्ते ने दोनों पालियों में चल रही परीक्षाओं का निरीक्षण किया। दोनों पालियों में अलग-अलग विषयों की परीक्षा हुई, जिसमें 430 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 426 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि चार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इन दिनों राजकीय पॉलीटेक्निक में विषम सेमेस्टर पेपर की परीक्षाएं चल रही है। जो पांच दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। शनिवार को पहली पाली में इंट्रोडक्शन टू आईटी एंड एआई और रिपेयर एंड मेंटिनेंस ऑफ बिल्डिंग विषय की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 227 में से सभी परीक्षा में शामिल रहे। दूसरी पाली में एडवांस्ड प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी, केमिकल प्रोसेस कैलकुलेशन, ट्रांसपोर्टेशन इंजीनियरिंग एवं फार्माकोथेरेप्यूटिक्स विषय की परीक्षा हुई। इसमें 203 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 199 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान बोर्ड की ओर से आवंटित उड़ाका दल ने परीक्षा की स्थिति को परखा। उड़ाका दल में बृजेश मिश्रा व गजेंद्र सिंह रहे। केंद्र अधीक्षक शंकर सिंह ने बताया कि परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में कराई जा रही है। सभी परीक्षाएं नकलविहीन व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रही है। परीक्षा के दौरान सहायक केंद्र अधीक्षक के रूप में रोहित कुमार, चंद्रकांत गुप्ता, सुनील कुमार और परीक्षा प्रभारी के रूप में विजय कुमार रहे। आंतरिक उड़ाका दल में जनार्दन प्रसाद, वरश्री गंगवार और मेघा शर्मा की देख रेख में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।