जगतपुर क्षेत्र के नवाबगंज के पास बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 60 वर्षीय सुरेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में पूरे विजयी मजरे पूरबगांव निवासी सुरेश सिंह (60), पूरे गिरधारी मजरे हेवतहा नेवढ़िया निवासी विपिन (20), अभिषेक (15), शिवाशी (17), आरती (25) और एक सात वर्षीय बच्चा घायल हो गया। बताया जाता है कि सुरेश सिंह आर्यन सीआरएनसी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे और ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से जा रहे सिक्योरिटी गार्ड की बाइक में अज्ञात बोलेरो टक्कर मार दी। इसके बाद बोलेरो ने दो अन्य बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एलपी सोनकर ने बताया कि एक बुजुर्ग की मौत हुई है, जबकि पांच घायलों का उपचार किया गया। थाना प्रभारी वागीश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।