रायबरेली: ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डलमऊ के साथ ऊंचाहार के गोकना, सरेनी के गेगासों गंगाघाटों पर करीब 10 लाख श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने का अनुमान है। इसमें डलमऊ में करीब पांच लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। खासकर डलमऊ के 16 गंगाघाटों पर भव्य नजारा दिख रहा है। इस बार काशी नगरी की तर्ज पर यहां पर गंगा आरती संग सोमवार को प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेला डलमऊ शुरू होगा।कार्तिक पूर्णिमा पर गंगाघाटों पर हर तरफ आस्था का सैलाब दिखेगा। श्रद्धालु परिवार संग आए लोग घाट के किनारे भजन-कीर्तन में लीन हैं। शाम होते ही दूधिया रोशनी का नजारा देखकर यही लग रहा है कि मानो हम काशी में मौजूद हैं। विभिन्न गंगाघाटों पर पक्का घाट, कच्चा घाट, रानी शिवाला समेत अन्य घाटों पर श्रद्वालुओं आना शुरू हो गया है। डलमऊ के वीआईपी घाट पर गंगा आरती होगी। रानी, वीआईपी घाट के किनारे दीवारों पर की गई वाल पेटिंग सभी का मनमोह रही है। इसमें श्रीरामचरित मानस की चौपाइयां लिखी है। साथ ही भगवान श्रीराम, शंकरजी को वाल पेंटिंग में दर्शाया गया है। घाटों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए डस्टबिन रखवाई गई हैं। नावों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। नाविकों में भी उत्साह दिख रहा है। घाटों की साफ-सफाई चल रही है। डलमऊ के अलावा ऊंचाहार के गोकना व सरेनी के गेगासो गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला रविवार से ही शुरू होगा। इस बार कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को है। 23 से 25 नवंबर तक कार्तिक पूर्णिमा मेला रहेगा।