रायबरेली के लालगंज क्षेत्र में कानपुर-रायबरेली मार्ग पर बरस गांव के पास शुक्रवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार श्रमिक को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां ने ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर खेड़ा गांव निवासी वीरेंद्र उर्फ बउआ रैदास (25) पुत्र रामकिशुन शुक्रवार शाम करीब चार बजे साइकिल से घर से निकला था। रात करीब 10 बजे बरस गांव के पास एक ढाबे के सामने रायबरेली की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वीरेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मां सियावती ने बताया कि चार साल पहले बहू बेटे को छोड़कर चली गई थी। वीरेंद्र का चार साल का बेटा राज है। हादसे के बाद मां और भाइयों सुरेंद्र व अशोक का रो रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की जांच की जा रही है।