पीलीभीत में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को शहर से सटे ब्रह्मचारी घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचने लगे। लोगों ने देवहा नदी में स्नान कर पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सुबह से लेकर दोपहर तक घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। स्नान के बाद लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को दान भी दिया। महिलाओं और बच्चों में भी पर्व को लेकर खास उत्साह नजर आया। घाट पर धार्मिक माहौल बना रहा। मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मनाया।