सिटी ब्लाक के चेरुईराम विद्यालय में रास्ते को लेकर प्रदर्शन मामले में अध्यापक द्वारा सपा नेता पर प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद अब सपा नेता ने दूसरे विद्यालय अध्यापक के खिलाफ प्रदर्शन कर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। पटेहरा कला विकासखंड के पिउरी स्थित कंपोजिट विद्यालय में बच्चों से झाड़ू लगवाने, खाद्यान्न की बोरियां और मिड डे मील बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली लकड़ियां ढुलवाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। तुलसीदास पटेल के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की।