अमर उजाला के 'दोस्त पुलिस' अभियान के अंतर्गत सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सोमवार को सरधना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, एफआईआर दर्ज कराने के नियम, महिला सुरक्षा योजनाओं और आपातकालीन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। कोतवाली प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि 'मिशन शक्ति' का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं व महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि एफआईआर दर्ज कराते समय किन सावधानियों का पालन करना चाहिए। महिला उपनिरीक्षक अंजो देवी ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।