मेरठ। मवाना के कृषक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर कॉलेज में कक्षा 12 में पढ़ने वाली एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए। छात्रा द्वारा 112 पर कॉल करके सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा व उसके पिता से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने प्रधानाचार्य को बस स्टैंड पुलिस चौकी बुलाकर बयान दर्ज किए, जिसके बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि छात्रा या परिजनों द्वारा लिखित में कोई शिकायत नहीं दी गई है। बताया गया है कि पहले छात्रा ने पूरी घटना से पुलिस को अवगत कराया, लेकिन बाद में छात्रा के पिता ने आकर किसी भी प्रकार की कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा ने भी कार्रवाई से मना कर दिया। पुलिस ने प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार को बस स्टैंड पुलिस चौकी बुलाकर पूछताछ की और बाद में उन्हें छोड़ दिया। थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी का कहना है कि प्रधानाचार्य को बुलाकर उनके बयान लिए गए हैं और उन्हें कार्यालय आदि में सीसीटीवी कैमरे लगाने की चेतावनी दी गई है। छात्रा और उसके परिजनों द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। वहीं, छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने कॉलेज के प्रधानाचार्य पर जो आरोप लगाए थे, वे गलत हैं। बेटी ने दूसरों के बहकावे में आकर ये आरोप लगाए थे। कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार का कहना है कि छात्रा द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद और निराधार हैं। दो दिन पहले छात्रा छुट्टी मांगने आई थी, छुट्टी देने से मना करने और सख्ती बरतने के कारण उसने इस तरह के आरोप लगाए। प्रधानाचार्य ने सवाल उठाया कि दो दिन पहले की बात पर छात्रा ने उसी समय घर जाकर शिकायत क्यों नहीं की? कॉलेज स्टाफ के ही कुछ लोगों के बहकावे में आकर छात्रा ने उन पर यह आरोप लगाया है। इस संबंध में सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि वे किसी कार्य के सिलसिले में मवाना से बाहर हैं, मामले की पूरी जानकारी करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।