मथुरा में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की तैयारियों को गति देते हुए भूतेश्वर रोड स्थित मुकुंद धाम में महोत्सव के कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यालय का उद्घाटन नगर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, प्रमुख उद्योगपति जयंती प्रसाद अग्रवाल और प्रमोद कसेरे ने संयुक्त रूप से कार्यालय फीता काटकर किया। मुख्य मीडिया प्रभारी सचिन घी वाले ने बताया कि उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने अग्रवाल समाज की सामाजिक भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर समाज कल्याण और उत्थान के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रहा है। प्रशासन और नगर निगम की ओर से महोत्सव के आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया गया। मुख्य जयंती संयोजक किशोर मित्तल ने अग्रवाल समाज के लोगों से मेले और अन्य कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस बार आयोजन की विभिन्न जिम्मेदारियां युवाओं को दी गई हैं। युवा ऊर्जा और अनुभव के समन्वय से शोभायात्रा, मेला और अन्य कार्यक्रमों को भव्य रूप देने की तैयारी है। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अशोक बंसल और संस्था के प्रधान मंत्री सुभाष अग्रवाल सिक्का ने कहा कि इस वर्ष महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोग आयोजन को लेकर उत्साहित हैं और सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में जुटे हैं। कार्यक्रम में मेला संयोजक अंकित बंसल, अग्रसेन स्वरूप गोवर्धन दास नीनू, मुकुट, अनिल नौहझील, शोभायात्रा संयोजक रोहित अग्रवाल एटा, पुष्पांजलि संयोजक मनोज अग्रवाल कड़े वाले, पत्रिका संपादक प्रवीण सर्राफ, अग्रवाल धर्मशाला अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल मांट वाले, मंत्री कृष्ण मुरारी सर्राफ नेताजी आदि मौजूद रहे। मंच संचालन राजेंद्र प्रसाद हाथी वाले ने किया।