मथुरा के बलदेव में ब्रज के राजा दाऊदयाल श्री बलदेव जी का जन्मोत्सव 17 सितंबर को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव पर विशेष अभिषेक व हीरा जवाहरात, पन्ना, माणिक के जवाहरात से दाऊजी महाराज का श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर में शहनाई वादन सुबह 5 बजे से, विशेष श्रृंगार दर्शन सुबह 4 बजे से, हलधर सहस्त्र नाम पाठ 7 बजे, वेदपाठी पंडितों द्वारा बलभद्र हवन यज्ञ 8 बजे होगा। जन्मोत्सव अभिषेक व दिव्य हीरा जवाहरात के दर्शन फिर से दोपहर 11 बजे से होंगे। मंदिर पुजारी रामनिवास शर्मा ने बताया प्राचीन परम्परा के अनुसार दधिकाधौं महोत्सव 12 बजे होगा। जिसमें लाला की छीछी के रूप में दही माखन, हल्दी, फल नारियल प्रसाद स्वरूप लुटाया जायेगा। मल्ल विद्या के गुरु श्रीदाऊजी महाराज के समक्ष नारियल प्रसाद लूटने के लिए मल्ल विद्या का प्रदर्शन होगा। जिसे देखने के लिए श्रद्धालु उमड़ेंगे, दोपहर में 4 बजे से भव्य विशाल शोभायात्रा विभिन्न झांकियों के साथ निकाली जाएगी, शाम 7 बजे से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन मंदिर में होगा। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सभी तैयारियां पूरी हो गई है।