मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के करीब आते ही धर्मनगरी का फूल बाजार महकने लगा है। ठाकुरजी के श्रृंगार, मंदिरों की सजावट और झांकियों को भव्य बनाने के लिए फूलों की मांग तेजी से बढ़ रही है। धर्मनगरी में फूलों की बढ़ती मांग को देखते हुए कारोबारियों ने दिल्ली, मुंबई-दादर, बंगलूरू, रतलाम, देहरादून और मंदसौर समेत विभिन्न शहरों से फूल मंगाने शुरू कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि जन्माष्टमी के दिन तक फूलों के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है। होली गेट स्थित गोविंदगंज फूल मंडी में इन दिनों गुलाब 50 रुपये, गेंदा 40 रुपये, मोगरा 800 रुपये, कनेर 300 रुपये, कुंद 500 रुपये, गुलाब बटर 350 रुपये और गोदावरी 200 रुपये प्रति किलो बिक रही है। कमल 15 से 20 रुपये प्रति फूल की दर से बिक्री हो रही है। विदेशी फूलों की मांग भी बढ़ी हुई है। मंडी में टाटा गुलाब 350 रुपये, ऑर्किड 350 रुपये, रजनीगंधा 300 रुपये, जरबेरा 100 रुपये और कार्नेशन 250 रुपये प्रति बंडल के हिसाब से बिक रहे हैं। फूल कारोबारियों के अनुसार जन्माष्टमी पर मोगरा, गुलाब, गेंदा, चमेली और कमल की सबसे अधिक मांग रहती है। इसी वजह से आने वाले दिनों में इनके दामों में और इजाफा होने की संभावना है।